मुजफ्फरपुर: बकरी चोरी के आरोप में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, साथ ले गयी पुलिस

खंभे से बंधा आरोपी युवक
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बकरी चोरी के आरोप में युवक को भीड़ ने खंभे से बांधकर पीटा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को बचाया. आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है. घायल युवक को एसकेएमसीएच में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है. पढे़ं पूरी खबर…
Muzaffarpur News: अहियापुर थाना क्षेत्र के पुरानी मोतिहारी रोड स्थित पटेल स्वीट्स के पास बकरी चोरी के आरोप में एक युवक को भीड़ ने पकड़कर बेरहमी से पीट दिया. गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को लोहे के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ से छुड़ाया.
दो दिनों से चल रहा था चोरी का सिलसिला

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पिछले दो दिनों से लगातार बकरी चोरी की घटनाएं हो रही थीं. मंगलवार को जब युवक एक बार फिर बकरी चोरी कर भागने की फिराक में था, तभी ग्रामीणों ने उसे धर दबोचा. पकड़े जाने के बाद लोग आपा खो बैठे और कानून हाथ में लेते हुए युवक को बांधकर पीटना शुरू कर दिया.
रिटायर्ड कृषि अधिकारी का बेटा निकला आरोपी
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पकड़े गए युवक की पहचान ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक निवासी एक सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी के पुत्र के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, युवक स्मैक का आदी है और अपनी नशे की तलब को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. हालांकि, इस दौरान उसके कुछ साथी मौके से फरार होने में सफल रहे.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम और अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज (SKMCH) में भर्ती कराया है. अहियापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है या नशे के लिए की गई छिटपुट घटना. पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील भी की है.
यह भी पढे़ंं: Muzaffarpur: स्टेशन रोड में पार्किंग फीस को लेकर फिर मचा बवाल, एजेंसी और ऑटो संघ आमने-सामने
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










