Muzaffarpur: स्कूल की छुट्टी के बाद आठवीं के तीन छात्र लापता, CCTV खंगाल रही पुलिस
बोचहां थाना की तस्वीर
मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां छुट्टी के बाद एक निजी स्कूल से आठवीं कक्षा के तीन छात्र अचानक लापता हो गए. परिजनों में हड़कंप मच गया है और स्कूल प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Muzaffarpur News: बोचहां थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट स्थित एक निजी स्कूल से मंगलवार दोपहर छुट्टी के बाद आठवीं कक्षा के तीन छात्र अचानक लापता हो गए. तीनों छात्र अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों में हड़कंप मच गया. बच्चों की तलाश में परिजन स्कूल पहुंचे, लेकिन स्कूल प्रशासन से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी बढ़ गयी. इसके बाद बोचहां थाना पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
आपके शहर में
तीनों छात्रों की हुई पहचान
लापता छात्रों की पहचान घरभारा गांव निवासी त्रिपुरारी कुमार के पुत्र कार्तिक किशोर, बुधनगरा निवासी राकेश कुमार के पुत्र आदर्श राज और धनौर गांव निवासी संजीव कुमार के पुत्र वैभव कुमार के रूप में हुई है. वैभव कन्हारा रघु गांव निवासी अपने मामा कुंदन सिंह के साथ रहता है. बताया गया कि कार्तिक स्कूल बस से आता-जाता था, जबकि आदर्श और वैभव साइकिल से स्कूल पहुंचते थे.
स्कूल गेट से निकलने के बाद गायब हुए छात्र
परिजनों के अनुसार छुट्टी के बाद कार्तिक, आदर्श और वैभव स्कूल से निकले, लेकिन अपने घर नहीं पहुंचे. इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया.
कार्तिक के परिजन के आवेदन पर सहायक अवर निरीक्षक अरविंद कुमार स्कूल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ छात्रों के दोस्तों और परिचितों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
छह घंटे तक तलाश, नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों ने स्कूल के अलावा आसपास के इलाकों, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की. करीब छह घंटे तक स्कूल प्रशासन और परिजन छात्रों के दोस्तों से फोन पर संपर्क कर जानकारी जुटाते रहे, लेकिन देर शाम तक तीनों का कोई सुराग नहीं मिल सका. बच्चों के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्कूल प्रशासन ने मानी चूक
स्कूल के संचालक सह प्रबंधक सुमन कुमार ने बताया कि करीब दस मिनट के अंतराल में तीनों बच्चे स्कूल गेट की ओर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि बस से जाने वाले छात्र किस परिस्थिति में बस में नहीं बैठ पाए, इसमें स्कूल स्तर पर चूक हुई है.
उन्होंने बताया कि बच्चों की तलाश की जा रही है और मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा को भी दी गयी है.
पुलिस ने शुरू किया तलाशी अभियान
बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम छात्रों की विभिन्न जगहों पर तलाश कर रही है. स्कूल के दोस्तों और अन्य लोगों से भी संपर्क कर जानकारी जुटायी जा रही है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने जल्द ही तीनों छात्रों को बरामद किए जाने की उम्मीद जतायी है.
फिलहाल तीनों छात्रों के लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है. पुलिस उनकी सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार तलाश अभियान चला रही है.
यह भी पढ़ें
Muzaffarpur News: यजुआर पश्चिम में एक रात आठ घरों में चोरी, लाखों के सामान पर हाथ साफ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए