मुजफ्फरपुर: बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू पर शिकंजा, अब तक 25 FIR दर्ज, गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में अर्जी

Updated:
विज्ञापन

बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू

बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू जमीन पर कब्जे और निर्माणाधीन मकानों को तोड़ने के मामले में घिर गए हैं. 25 FIR दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें 8 में उन्हें नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट हासिल करने की तैयारी में है.

विज्ञापन

Belsand MLA Amit Kumar Ranu: अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदन में जमीन पर कथित जबरन कब्जे और निर्माणाधीन मकानों व बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. मामले में अब तक 25 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें आठ में विधायक को नामजद आरोपी बनाया गया है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के अनुसार, विधायक की गिरफ्तारी के वारंट के लिए पुलिस बुधवार को न्यायालय में अर्जी दाखिल करेगी. वारंट जारी होने के बाद विधायक की गिरफ्तारी की जाएगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

25 प्राथमिकी में आठ में विधायक नामजद

झपहां उदन में जमीन पर कब्जे के दौरान 50 से अधिक निर्माणाधीन मकानों और बाउंड्री को जेसीबी से तोड़े जाने के मामले में पीड़ितों के बयान पर अहियापुर थाने में अब तक 22 प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं.

इसके अलावा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में अहियापुर और कच्ची-पक्की ओपी में तीन अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं. इस तरह कुल 25 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं. इनमें आठ मामलों में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू को नामजद आरोपी बनाया गया है.

विधायक के आपराधिक इतिहास की भी जांच

पुलिस को जानकारी मिली है कि सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाने में विधायक के खिलाफ रंगदारी, चोरी की संपत्ति रखने, जबरन वसूली और धमकी देने से जुड़ा मामला पूर्व से दर्ज है. जिला पुलिस ने इस मामले की जानकारी और वर्तमान स्थिति जानने के लिए रून्नीसैदपुर थाना पुलिस से संपर्क किया है. पुलिस विधायक के आपराधिक इतिहास से संबंधित अन्य जानकारी भी जुटा रही है.

विधायक के भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

मामले में विधायक के भाई अभिनव उर्फ सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस झपहां उदन में हुई घटनाओं से जुड़े लोगों की पहचान भी कर रही है. एसएसपी के अनुसार, कथित प्रोटेक्शन गैंग में शामिल शातिरों की पहचान के लिए घटना के वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है.

शहर से गांव तक भू-माफिया पर होगी कार्रवाई

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि शहर के विस्तार के साथ कांटी, मुसहरी, तुर्की, मनियारी, कच्ची-पक्की, करजा, अहियापुर, झपहां और बोचहां थाना क्षेत्रों में जमीन की कीमत बढ़ी है. ऐसे में जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि किसी भी भू-माफिया को बख्शा नहीं जाएगा. यदि किसी पुलिसकर्मी की भी ऐसे लोगों से मिलीभगत की जानकारी या साक्ष्य मिलता है तो उसकी जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

चार साल से जमीन पर रह रहे थे लोग

एसएसपी ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर बोचहां के अंचलाधिकारी से जानकारी मांगी गयी थी. अंचलाधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार, वहां रहने वाले लोग करीब चार साल से जमीन पर निर्माण कर रह रहे थे. उनका म्यूटेशन भी हो चुका था और जमीन की रसीद भी कट रही थी. इसके बावजूद संगठित आपराधिक गिरोह के माध्यम से जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किये जाने की बात सामने आयी है.

विधायक के रिश्तेदार पर भी प्राथमिकी

एसएसपी के अनुसार, नामजद आरोपी अभिषेक सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में विधायक के एक रिश्तेदार के यहां पहुंची थी. आरोप है कि वहां विधायक के रिश्तेदार ने पुलिस टीम को धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली. इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

पुलिस अब पूरे मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें

Muzaffarpur News: स्कूल से छुट्टी के बाद आठवीं के तीन छात्र लापता, CCTV खंगाल रही पुलिस

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन