मीनापुर में सहयोग शिविर रहा फ्लॉप, प्रचार के अभाव और अधिकारी की देरी से नहीं पहुंचे लोग

मीनापुर में सहयोग शिविर रहा फ्लॉप, प्रचार के अभाव और अधिकारी की देरी से नहीं पहुंचे लोग
नगर पंचायत मीनापुर में आयोजित सहयोग शिविर अपेक्षित प्रतिक्रिया न मिलने के कारण बेअसर रहा. प्रचार-प्रसार की कमी और अधिकारियों के समय पर न पहुंचने से लोगों की भागीदारी बेहद कम रही, जिससे कोई आवेदन जमा नहीं हो सका.
Minapur Sahyog Shivir: नगर पंचायत मीनापुर के वार्ड संख्या 8 और 9 के लिए मंगलवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुस्तफागंज में आयोजित सहयोग शिविर अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण लगभग बेअसर रहा. प्रचार-प्रसार की कमी और प्रतिनियुक्त पदाधिकारी के समय पर नहीं पहुंचने से शिविर में लोगों की भागीदारी बेहद कम रही.
वार्ड पार्षद ने प्रचार-प्रसार की कमी बताई वजह
वार्ड संख्या 8 के वार्ड पार्षद अर्जुन कुमार गुप्ता ने बताया कि सहयोग शिविर की पर्याप्त जानकारी लोगों तक नहीं पहुंचाई गई. इसके अलावा लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी शालिनी कुमारी दोपहर एक बजे तक शिविर स्थल पर नहीं पहुंचीं, जिससे लोग निराश होकर लौट गए.
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को दे दी गई है.
"लोग आए, लेकिन वापस लौट गए"
वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद पति मनोज कुमार ने कहा कि शिविर के प्रचार-प्रसार के अभाव में अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं मिल सकी. उन्होंने बताया कि कुछ लोग शिविर स्थल पर पहुंचे भी, लेकिन अधिकारियों और लोगों की अनुपस्थिति देखकर वापस लौट गए.
पदाधिकारी ने बताई देरी की वजह
प्रतिनियुक्त लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी शालिनी कुमारी ने बताया कि शिविर स्थल का सही लोकेशन नहीं मिलने के कारण उन्हें पहुंचने में देर हुई. उन्होंने कहा कि शिविर की कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी सचिव से ली जा सकती है.
कोई आवेदन नहीं हुआ जमा
नगर पंचायत सचिव संदीप ने बताया कि सहयोग शिविर में किसी भी व्यक्ति ने कोई लिखित आवेदन जमा नहीं किया. उन्होंने कहा कि केवल प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कुछ लोगों ने मौखिक रूप से चर्चा की, लेकिन आवेदन प्राप्त नहीं हुआ.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिविर का समय पर प्रचार-प्रसार किया जाता और सभी अधिकारी निर्धारित समय पर मौजूद रहते, तो अधिक संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकते थे.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर के लाल का ब्रिटेन में बजा डंका, कनिष्क नारायण बने यूके के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार गुप्ता
संतोष कुमार गुप्ता को पत्रकारिता क्षेत्र में 24 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. क्राइम, राजनीतिक व प्रखंड तथा अंचल से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










