मुजफ्फरपुर में मुर्गी फार्म की आड़ में चल रही थी नकली शराब फैक्ट्री, धंधेबाज गिरफ्तार
आगे मुर्गी फार्म और उसके पीछे शराब की तस्करी
मुजफ्फरपुर में मुर्गी फार्म की आड़ में नकली शराब बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर धंधेबाज को गिरफ्तार किया है, साथ ही नकली शराब, स्पिरिट और रैपर बरामद किए हैं।
मुजफ्फरपुर शराब तस्करी: करजा थाना क्षेत्र के द्वारिकानाथपुर में मुर्गी फार्म की आड़ में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री चलाने का मामला सामने आया है. उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर मौके से मुर्गी फार्म संचालक और शराब धंधेबाज को गिरफ्तार किया है. ठिकाने से तैयार नकली शराब के साथ कैरामेल, अलग-अलग ब्रांड के रैपर, बोतल और ढक्कन बरामद किए गए हैं.
स्पिरिट से तैयार कर रहे थे नकली शराब
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि पकड़े गए धंधेबाज की पहचान धीरज कुमार के रूप में हुई है. गुप्त सूचना के आधार पर एएसआइ तुलिका कुमारी और विक्रम कुमार के साथ टीम ने द्वारिकानाथपुर में छापेमारी की.
नकली शराब बनाने की फैक्ट्री मिली
जांच के दौरान मुर्गी फार्म के पीछे नकली शराब बनाने की फैक्ट्री मिली. यहां स्पिरिट से शराब तैयार कर अलग-अलग ब्रांड के लेबल लगाए जा रहे थे. इसके बाद शराब की सप्लाई किए जाने की बात सामने आयी है. मौके से बरामद तैयार शराब को जांच के लिए लैब भेजा गया है.
दूसरी खेप के लिए बंगाल में दिया था ऑर्डर
पूछताछ में उत्पाद विभाग को पता चला कि धंधेबाज ने बड़ी मात्रा में स्पिरिट से नकली शराब तैयार की थी. बताया गया कि दूसरी खेप के लिए बंगाल के एक धंधेबाज को ऑर्डर भी दिया गया था. विभाग अब नकली शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगा है.
ट्रक में बनाया था गुप्त तहखाना
उधर, उत्पाद विभाग ने सरैया थाना क्षेत्र के बखरा में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से भी भारी मात्रा में शराब बरामद की है. उत्पाद इंस्पेक्टर के अनुसार ट्रक पर शराब लदे होने की सूचना मिली थी. टीम जब मौके पर पहुंची तो ट्रक पूरी तरह खाली नजर आया.
जांच के दौरान चालक की सीट के पीछे गुप्त तहखाना बना मिला. तहखाने को काटकर खोलने पर उसमें यूपी निर्मित शराब के 124 कार्टन बरामद हुए. बताया गया कि ट्रक का चालक मौके से दूर खड़ा होकर रात होने का इंतजार कर रहा था. अंधेरा होने के बाद शराब अनलोड किए जाने की तैयारी थी.
शराब के नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
उत्पाद विभाग अब दोनों मामलों में शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है. नकली शराब फैक्ट्री से जुड़े लोगों के साथ ही ट्रक में शराब छिपाकर लाने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं: यात्रियों से भरी बस बनी आग का गोला, धू-धू कर जल उठी, 35 लोग थे सवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










