मुजफ्फरपुर: पेट्रोल-डीजल की बेतहाशा कीमत वृद्धि के खिलाफ सीपीआई का मीनापुर में प्रतिरोध मार्च
मीनापुर में प्रतिरोध मार्च निकालते भाकपा कार्यकर्ता.
मीनापुर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बैनर तले पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकाला गया. मुस्तफागंज बाजार में सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई. पढ़ें पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की मीनापुर अंचल परिषद के बैनर तले विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला गया.
मार्च की शुरुआत मीनापुर पार्टी कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले के साथ की गई. जुलूस मुख्य सड़क होते हुए मुस्तफागंज बाजार पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई.
किसान, मजदूर और युवाओं ने लिया हिस्सा
प्रतिरोध मार्च में सैकड़ों किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और आम नागरिक शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों के हाथों में “पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाओ”, “महंगाई पर रोक लगाओ” और “जनता को लूटना बंद करो” जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं.
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मार्च के बाद मुस्तफागंज बाजार में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य अजय कुमार सिंह ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है.
उन्होंने कहा कि डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ी है और परिवहन खर्च बढ़ने से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ा है.
रसोई गैस की कीमतों पर भी जताई नाराजगी
सीपीआई जिला सचिव रामकिशोर झा ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है. उन्होंने महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
सभा के बाद पुतला दहन
सभा को राज्य परिषद सदस्य जगदीश प्रसाद गुप्ता, अंचल सचिव शिवजी प्रसाद, पूर्व मुखिया भिखारी प्रसाद यादव, प्रो. लक्ष्मीकांत और राम एकबाली राय समेत कई नेताओं ने संबोधित किया.
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया.
ये प्रमुख मांगें रखीं
वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि:
- पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए.
- केंद्र और राज्य सरकार उत्पाद शुल्क तथा वैट में कमी करे.
- रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये निर्धारित की जाए.
- सार्वजनिक परिवहन को सब्सिडी देकर किराया नियंत्रित किया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










