Bihar News: छठ के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़, RPF को संभालनी पड़ी स्थिति
Published by : Anshuman Parashar Updated At : 11 Nov 2024 9:45 PM
Bihar News
Bihar News: छठ पूजा के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बाहर जाने वालों की भीड़ बनी हुई है. सोमवार को भी ट्रेनों पर चढ़ने के लिये आपाधापी की स्थिति बनी रही. दोपहर के समय गाड़ी संख्या-13022 रक्सौल से हावड़ा जाने वाली मिथिला एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर प्लेस हुई.
Bihar News: छठ पूजा के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बाहर जाने वालों की भीड़ बनी हुई है. सोमवार को भी ट्रेनों पर चढ़ने के लिये आपाधापी की स्थिति बनी रही. दोपहर के समय गाड़ी संख्या-13022 रक्सौल से हावड़ा जाने वाली मिथिला एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर प्लेस हुई. पहले से ट्रेन में चढ़ने के के लिये काफी संख्या में यात्री खड़े थे. ट्रेन के रुकते ही सीट को लेकर पहले चढ़ने की अफरातफरी में लोगों ने कई कोच के गेट को जाम कर दिया. ऐसे में उतरने वाले पैसेंजर को भी बाहर निकलना मुश्किल हो गया.
निर्धारित समय पर पहुंचने के बाद भी ट्रेन 25 मिनट विलंब से खुली
हालांकि प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ(RPF) व क्यूआरटी की टीम ने तत्काल सभी कोच के पास पहुंच कर भीड़ को खाली कराना शुरू किया. टीम ने खुद से बच्चे व बुजुर्गों को सहारा देकर कोच में चढ़ाना शुरू किया. वहीं कुछ यात्री धक्का-धुक्की कर रहे थे, जिन्हे RPF की टीम ने कड़ी हिदायत दी. निर्धारित समय पर पहुंचने के बाद भी ट्रेन 25 मिनट विलंब से खुली. दूसरी ओर गाड़ी संख्या-13211 जोगबनी-दानापुर में भी चढ़ने के लिये प्लेटफॉर्म पर काफी भीड़ थी. इसके साथ ही शाम तक मुंबई जाने वाली पवन एक्सप्रेस में भी भीड़ की वजह से यात्रियों को परेशानी हुई.
जीरो सिरीज के नंबर का प्लेटफॉर्म निर्धारित नहीं होने से हुई दौड़-भाग
गाड़ी संख्या-02261 दरभंगा-नयी दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को 6 घंटे लेट सुबह के 7.55 बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर प्लेस हुई. हालांकि अलग-अलग तरह के एप से मिली जानकारी के अनुसार करीब पचास यात्री इस ट्रेन को पकड़ने के लिये प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर इंतजार कर रहे थे. लेकिन गाड़ी के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर आने की अनाउंसमेंट होने के बाद चार पर खड़े यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गयी.
किसी तरह यात्री भाग कर प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर पहुंच कर ट्रेन पकड़ सके. इस संदर्भ में पूछे जाने पर स्टेशन अधीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि जीरो सिरीज के नंबर से शुरू होने वाली ट्रेन का पूर्व से प्लेटफॉर्म निर्धारित नहीं होता है. इसलिए ही यात्रियों के ठहरने के लिये होल्डिंग एरिया बनाया गया है. ट्रेन के अनाउंसमेंट के बाद यात्री प्लेटफॉर्म पर पहुंच कर ट्रेन पकड़ सकते है.
ये भी पढ़े: मुजफ्फरपुर में बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम, हथियार और चोरी की बाइक के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार
दो जगहों पर ब्लॉक के कारण परेशानी
रामदयालु यार्ड में दूसरे दिन भी दोपहर के समय दो घंटे का ब्लॉक रहा. इस दौरान ट्रैक मेंटेनेंस का काम किया गया. जिसके कारण दोपहर के ढाई से पांच के बीच में कई ट्रेनों को नियंत्रित कर चलाया गया. इसके साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-6 को निर्माण कार्य को लेकर दोपहर के 12 बजे से 2 बजे तक ब्लॉक किया गया. यहां शेड हटाने का काम चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anshuman Parashar
अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










