Muzaffarpur News: बागमती का जलस्तर बढ़ा, कटरा की 14 पंचायतों का सड़क संपर्क टूटा
प्रतीकात्मक तस्वीर
बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कटरा प्रखंड की 14 पंचायतें मुख्य मुख्यालय से कट गई हैं. पीपा पुल पर वाहनों का परिचालन बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है, और गांवों में बाढ़ की आशंका से चिंता बढ़ गई है.
Katra Flood: बागमती नदी का जलस्तर लगभग ढाई फीट बढ़ने के बाद कटरा प्रखंड के उत्तरी हिस्से की 14 पंचायतों का सड़क संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है. कटरा पीपा पुल के दोनों ओर सड़क पर करीब डेढ़ से दो फीट पानी बहने से लोगों को जान जोखिम में डालकर पैदल आवागमन करना पड़ रहा है.
14 पंचायतों का मुख्यालय से संपर्क टूटा
बाढ़ के पानी से बसघट्टा, लखनपुर, पहसौल, खंगुराडीह, नगबारा, चंगेल, कटाई, यजुआर मध्य, यजुआर पूर्वी, यजुआर पश्चिम, बेलपकौना, बंधपुरा बर्री और तेहबारा सहित कई पंचायतों का सड़क संपर्क बाधित हो गया है.
अब लोगों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए बेनीबाद, जारंग और भुसरा होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है.
पीपा पुल पर फिलहाल वाहनों का परिचालन बंद
पीपा पुल संचालक अरुण सिंह ने बताया कि जलस्तर कम होने के बाद ही पीपा पुल से मोटरसाइकिलों का परिचालन दोबारा शुरू कराया जाएगा.
गांवों में बाढ़ की आशंका से बढ़ी चिंता
सोमवार शाम अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद बकुची, पतारी, अंदामा, नवादा, गंगेया, बर्री, भवानीपुर और माधोपुर समेत कई गांवों के लोगों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है.
स्थानीय निवासी सीताराम कमती, श्याम महतो और पूर्व मुखिया राम सकल भारत ने बताया कि सड़क संपर्क टूटने से बीमार लोगों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में गंभीर परेशानी हो सकती है.
प्रशासन ने कहा- सभी तैयारियां पूरी
अंचलाधिकारी सुशीला कुमारी ने बताया कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिला प्रशासन को भी स्थिति की जानकारी दे दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.
यह भी पढ़ें: चुना भट्ठी रोड में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










