कोर्ट-कचहरी का चक्कर छोड़ आपसी सहमति से सुलझा मामला, औराई में ग्राम कचहरी की पहल

Updated:
विज्ञापन
फैसला देते पंच गण | Prabhat Khabar Network

फैसला देते पंच गण

औराई के आलमपुर सिमरी में सरपंच की पहल से आपसी विवाद सुलझा। दोनों पक्षों ने कोर्ट केस वापस लेने और भविष्य में शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।

विज्ञापन

Gram Kachhari: मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड अंतर्गत ग्राम कचहरी 'आलमपुर सिमरी' में शनिवार को न्याय और आपसी सौहार्द की एक मिसाल देखने को मिली. कचहरी में सुनवाई के दौरान पंचों की समझाइश के बाद दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद आपसी सहमति से समाप्त हो गया.

सरपंच शीबा प्रवीण की अध्यक्षता में हुई सुनवाई

ग्राम कचहरी में वाद संख्या 209/26 के तहत वादी फिजा खातून बनाम प्रतिवादी मो. आजाद के मामले की सुनवाई पंचायत की सरपंच शीबा प्रवीण की अध्यक्षता में की गई.सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए. इसके बाद सरपंच और पंचों ने दोनों पक्षों को समझाते हुए बताया कि आपसी विवाद और कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने से केवल समय, ऊर्जा और धन की बर्बादी होती है. पंचों की बातों को समझकर दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हो गए.

जिला न्यायालय में लंबित केस भी वापस लेने का फैसला

समझौते पत्र के अनुसार, दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया. इसके साथ ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जिला न्यायालय (District Court) में चल रहे मामलों को भी वापस लेने का ऐतिहासिक निर्णय लिया.

समझौते के उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई

ग्राम कचहरी में यह शर्त भी तय की गई कि भविष्य में यदि कोई भी पक्ष मारपीट, झगड़ा या समझौते के नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध विधि-सम्मत (कानूनी) कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद पंचों ने दोनों पक्षों को आपस में गले मिलवाकर विवाद का पूरी तरह पटाक्षेप करा दिया.इस अवसर पर समाजसेवी शहबाज आलम, न्यायमित्र शिवशंकर सिंह, कचहरी सचिव रानी कुमारी, पंच जगदीश चौधरी, मो. पप्पू, बृजकिशोर, राजेंद्र बैठा, मोमिना खातून और पूर्व मुखियापति खुर्शीद आलम समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.


विज्ञापन
फिरोज अख्तर

लेखक के बारे में

By फिरोज अख्तर

विगत 12 वर्षों से रिपोर्टिंग का अनुभव. इनकी रिपोर्टिंग समसामयिक घटनाओं के बेहतर ढंग से कवरेज करने के साथ ही विभिन्न सामाजिक मुद्दों को राष्ट्रहित में रोचक ढंग से पाठकों के बीच प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन