हड़ताल के बीच पार्षद बने सफाईकर्मी, खुद ठेला चलाकर घर-घर से उठाया कचरा
वार्ड नंबर 29 के गन्नीपुर सिटी मार्ग में ठेला गाड़ी लेकर कूड़ा कलेक्शन कराते पार्षद सनत कुमार
मुजफ्फरपुर में नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. ऐसे में, वार्ड 29 के पार्षद सनत कुमार ने खुद सफाई की जिम्मेदारी उठाकर मिसाल कायम की है. वे ठेला चलाकर घर-घर से कचरा उठा रहे हैं.
Muzaffarpur Nagar Nigam: नगर निकाय कर्मियों की जारी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के बीच वार्ड संख्या 29 के पार्षद सनत कुमार ने खुद सफाई की जिम्मेदारी संभाल ली है. पिछले दो दिनों से वे अपने वार्ड में सफाई अभियान चलाकर घर-घर से कचरा एकत्र कर रहे हैं.
ठेला चलाकर घर-घर से उठाया कचरा
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण बंद होने से पिछले पांच-छह दिनों से लोगों के घरों में कचरा जमा हो रहा था. ऐसे में पार्षद सनत कुमार स्वयं ठेला गाड़ी लेकर घर-घर पहुंचे और कचरा संग्रह किया. इसके साथ ही उन्होंने हाथ में झाड़ू लेकर सड़कों की सफाई भी की.
निजी ट्रैक्टर से कराया कचरे का निस्तारण
स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के लिए पार्षद ने रात के समय निजी ट्रैक्टर और चालक की व्यवस्था कर वार्ड में जमा कचरे को शहर से बाहर डंप कराया. उनकी इस पहल से गन्नीपुर क्षेत्र के लोगों को बदबू और गंदगी से राहत मिली.
वार्डवासियों ने जताया आभार
पार्षद की पहल से वार्ड के लोगों ने राहत महसूस की. स्थानीय नागरिकों ने कहा कि हड़ताल के बीच जनप्रतिनिधि द्वारा स्वयं सफाई अभियान चलाना सराहनीय कदम है.
पार्षद ने हड़ताल पर जताई नाराजगी
पार्षद सनत कुमार ने सफाई कर्मियों की हड़ताल पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सावन जैसे पवित्र महीने में, जब साफ-सफाई की आवश्यकता अधिक होती है, उस समय हड़ताल पर जाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है और सफाई कर्मियों के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By देवेश कुमार
पत्रकारिता के क्षेत्र में देवेश को 17 वर्षों का अनुभव है. उच्च शिक्षा, जमीन रजिस्ट्री, नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्मार्ट सिटी विकास जैसे विषयों पर इनका विशेष लेखन है. राजनीतिक और सामाजिक समसामयिक मुद्दों के साथ-साथ खोजी पत्रकारिता और ब्रेकिंग न्यूज कवरेज में ये सक्रिय हैं. तथ्यपरक, प्रभावी और जन सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग इनकी प्रमुख पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










