घर से छिपकर गड्ढे में नहाने गये तीन बच्चे, पानी में डूबे दो की मौत, तीसरे की हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

जनार पंचायत के बेदौल गांव में पानी भरे गड्ढे में नहाने गए तीन बच्चों में से दो की मौत हो गई। तीसरे बच्चे की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।

विज्ञापन

Aurai News: थाना क्षेत्र की जनार पंचायत के बेदौल गांव के कोन्हा टोला में रविवार दोपहर पानी भरे गड्ढे में तीन बच्चे डूब गये. हादसे में दो बच्चों की मौत हो गयी, जबकि तीसरे बच्चे की हालत गंभीर है और उसका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है. मृतकों की पहचान बेदौल कोन्हा टोला निवासी रविंद्र राय के 12 वर्षीय पुत्र विकास कुमार और सुरेंद्र राय के नौ वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है. तीसरा बच्चा देवेंद्र राय का 13 वर्षीय पुत्र रामानंद राय है.

घर से छिपकर नहाने गये थे तीनों बच्चे

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण तीनों बच्चे अपने माता-पिता से छिपकर गांव से करीब 500 मीटर दूर पानी भरे गड्ढे में नहाने चले गये थे. घटना करीब दोपहर 12 से एक बजे के बीच की बतायी जा रही है.

नहाने के दौरान पानी अधिक होने के कारण तीनों बच्चे डूबने लगे. पास के खेत में काम कर रहे लोगों की नजर बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये और बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया.

दो बच्चों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

परिजन और ग्रामीण तीनों बच्चों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने विकास कुमार और सत्यम कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं रामानंद राय का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बतायी गयी है.

ग्रामीण एवं मुखिया प्रतिनिधि रजनीश कुमार ने बताया कि तीनों बच्चे माता-पिता की नजर से बचकर गड्ढे में नहाने गये थे. एक-एक कर तीनों बच्चे पानी में डूबते चले गये.

सरकारी जमीन पर खनन से बना गड्ढा, मुखिया ने लगाया आरोप

मुखिया संगीता कुमारी ने आरोप लगाया कि किसी चिमनी मालिक द्वारा सरकारी परती जमीन में बेतरतीब तरीके से खनन किया गया है. खनन के कारण वहां करीब 15 से 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिसमें पानी भर गया था. इसी गड्ढे में डूबने से हादसा हुआ.

घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया.


विज्ञापन
फिरोज अख्तर

लेखक के बारे में

By फिरोज अख्तर

विगत 12 वर्षों से रिपोर्टिंग का अनुभव. इनकी रिपोर्टिंग समसामयिक घटनाओं के बेहतर ढंग से कवरेज करने के साथ ही विभिन्न सामाजिक मुद्दों को राष्ट्रहित में रोचक ढंग से पाठकों के बीच प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन