मुंगेर से कारतूस, देसी पिस्टल व नकदी के साथ तीन हथियार तस्कर गिरफ्तार

STF Raid in Munger: मुंगेर में एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हथियार तस्करों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने 120 जिंदा कारतूस और देसी पिस्टल के साथ तीन आरोपियों को दबोच लिया.
मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट : बिहार के मुंगेर जिले में हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर इलाके में छापेमारी कर तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 120 राउंड जिंदा कारतूस, एक देसी पिस्टल और नकद राशि बरामद की गई है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाकरपुर इलाके में कुछ लोग अवैध हथियार और कारतूस की खरीद-बिक्री में लगे हुए हैं. सूचना मिलते ही एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल तीन लोगों को पकड़ लिया गया.
तलाशी में मिला भारी मात्रा में कारतूस
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 120 राउंड जिंदा कारतूस, एक देशी पिस्टल और नकदी बरामद की. बरामद हथियार और कारतूस को पुलिस ने जब्त कर लिया है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं.हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एएसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और कारतूस कहां से लाए गए थे और इनकी सप्लाई किन जिलों तक की जा रही थी. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता
मुंगेर पहले से ही अवैध हथियार निर्माण और तस्करी को लेकर चर्चा में रहा है. ऐसे में एसटीएफ और जिला पुलिस की यह कार्रवाई हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










