तीसरे दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के आगमन से विद्यार्थियों को कई उम्मीद
Published by : AMIT JHA Updated At : 16 May 2026 6:20 PM
मुंगेर विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होने को लेकर कुलाधिपति ने अपनी स्वीकृति दे दी है.
रिजल्ट में विलंब, अनियमित सत्र और पोर्टल की समस्या दूर होने की आस
मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होने को लेकर कुलाधिपति ने अपनी स्वीकृति दे दी है. इससे लंबे समय से पोर्टल की समस्या, अनियमित सत्र और पोर्टल में विलंब की समस्या से परेशान विद्यार्थियों में भी नयी आस जगी है कि कुलाधिपति के आने से इन परेशानियों से मुक्ति मिल पायेगी.विदित हो कि कुलाधिपति के 3 जुलाई को प्रस्तावित एमयू के तीसरे दीक्षांत समारोह को न केवल स्वीकृति दी है, बल्कि उसमें खुद शामिल होने और समारोह की अध्यक्षता करने की भी स्वीकृति दी है. इसके लिये राजभवन ने विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर मिनट-टू-मिनट सहित डायस प्लान मांगा है. जिसकी तैयारियों में भी विश्वविद्यालय प्रबंधन जुट चुका है.
कुलाधिपति के आगमन से विद्यार्थियों में आस
कुलाधिपति के आगमन की स्वीकृति के बाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अब अपनी समस्याओं के समाधान की आस जग गयी है. बता दें कि एमयू में पिछले एक साल से करीब 4 से 5 माह के लंबे विलंब से जारी हो रहे रिजल्ट से न केवल विद्यार्थी परेशान हैं, बल्कि इसके कारण सत्रों के अनियमित होने से विद्यार्थियों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है. जबकि पोर्टल पर आये दिन हो रही परेशानी के साथ पेमेंट गेटवे पर लग रहे अधिक राशि के कारण भी विद्यार्थी परेशान हैं. ऐसे में अब कुलाधिपति के आगमन से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं से मुक्ति मिलने की आस बन गयी है.
शिक्षक और कर्मियों को भी उम्मीद
कुलाधिपति के आगमन की स्वीकृति से एमयू के शिक्षक और कर्मियों में भी उम्मीद बनी है. बता दें कि बीते दिनों एमयू में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर लगातार न केवल सवाल उठते रहे, बल्कि शिक्षकों में रोष भी देखने को मिला. कुछ ऐसा ही हाल शिक्षकेत्तर कर्मियों का भी रहा. इसके अतिरिक्त एमयू में बीते दिनों स्थानांतरण प्रक्रिया, नियुक्ति व निविदा प्रक्रियाओं पर भी खुद एमयू के सीनेट सदस्य ने सवाल उठाये थे. साथ ही इसे लेकर राजभवन को पत्र भी भेजा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










