श्रावणी मेला 2026 : टेंट सिटी की खुली पोल, जलजमाव और बदहाल सुविधाओं से कांवरियों को हो रही परेशानी

Updated:
विज्ञापन
टेंट सिटी के सामने जल जमाव | Prabhat Khabar Network

टेंट सिटी के सामने जलजमाव. | Prabhat Khabar Network

Shravani Mela : श्रावणी मेला के दौरान असरगंज की टेंट सिटी में बारिश के बाद जलजमाव ने व्यवस्था की पोल खोल दी है. काँवरिये सुविधाओं से वंचित हैं और उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. श्रद्धालुओं ने प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है.

विज्ञापन

Shravani Mela : असरगंज श्रावणी मेला के दूसरे दिन ही कांवरियों की सुविधा के लिए बनाई गई टेंट सिटी की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं. कमराय मसुदनपुर के समीप पर्यटन विभाग की ओर से लगाए गए टेंट के सामने बारिश के बाद भारी जलजमाव हो गया. पानी भर जाने से श्रद्धालु टेंट के भीतर प्रवेश तक नहीं कर पा रहे हैं. इससे दूर-दराज से आए कांवरियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

जलजमाव ने बेकार कर दी पूरी व्यवस्था

टेंट सिटी के भीतर श्रद्धालुओं के लिए गद्दा, चादर, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं. लेकिन टेंट के बाहर पानी जमा होने से इन सुविधाओं का लाभ कांवरिये नहीं ले पा रहे हैं. बारिश के बाद हालात और खराब हो गए, जिससे पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई.

200 बेड वाले टेंट में भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव

मासूमगंज के चाफा के समीप बनाए गए 200 बेड के टेंट सिटी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है. यहां श्रद्धालुओं के लिए शौचालय और स्नानागार तो बनाए गए हैं, लेकिन उनमें पानी की व्यवस्था नहीं है. कई शौचालयों के दरवाजे भी टूटे हुए हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

प्रशासन ने सुधार का दिया भरोसा

अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन ने बताया कि कमराय मसुदनपुर स्थित टेंट के पास जलजमाव की सूचना मिली है और जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि चाफा में बने 200 बेड वाले टेंट की स्थिति की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

कांवरियों ने जल्द सुधार की उठाई मांग

पर्यटन विभाग की ओर से कांवरियों के लिए टेंट, गद्दा, चादर, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं की व्यवस्था का दावा किया गया है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग दिखाई दे रही है. श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि श्रावणी मेला के दौरान सभी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन