जमालपुर में नहाने के दौरान किशोर की डूबने से मौत, बरियाकोल सुरंग के पास तालाब से गोताखोरों ने शव निकाला
शव बरामद करते गोताखोर.| Prabhat Khabar Network
Jamalpur News : मुंगेर के जमालपुर में एक 13 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. शनिवार शाम से लापता गौरव का शव रविवार सुबह बरियाकोल सुरंग के पास एक तालाब से गोताखोरों ने बरामद किया. इस घटना से परिवार में गहरा सदमा है.
Jamalpur News : मुंगेर के जमालपुर प्रखंड में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गयी. रामनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ की तराई में बरियाकोल सुरंग के समीप स्थित एक छोटे तालाब में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ. मृतक शनिवार की शाम से लापता था. परिजनों और स्थानीय लोगों की काफी खोजबीन के बाद रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से तालाब से उसका शव बरामद किया गया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
शनिवार शाम से लापता था गौरव
मृतक किशोर की पहचान ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के बड़ी आशिकपुर दास टोला निवासी डोली देवी के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि बारिश के दिनों में पहाड़ की तराई में स्थित गड्ढों में पानी भर जाता है. स्थानीय लोग अक्सर इन स्थानों पर नहाने के लिए जाते हैं.
शनिवार को गौरव भी नहाने के लिए पहाड़ की तराई स्थित इसी पानी भरे गड्ढे के पास गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. इसके बाद देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.
रातभर तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
गौरव के डूबने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के आसपास काफी तलाश की. पानी में भी उसकी खोजबीन की गयी, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली. किशोर के नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने गोताखोरों को बुलाया. गोताखोरों ने पानी में उतरकर काफी देर तक तलाश की. कड़ी मशक्कत के बाद गौरव का शव पानी से बाहर निकाला जा सका.
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव बरामद होने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के बाद इलाके में भी मातम का माहौल है.
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में पहाड़ की तराई के गड्ढों और तालाबनुमा स्थानों में पानी भर जाता है, जहां लोग नहाने पहुंचते हैं. ऐसे स्थानों पर गहराई और पानी के बहाव की सही जानकारी नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विजय कुमार गुप्ता
विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










