मुंगेर में कांग्रेस ने संगठन को दिया विस्तार, नगर व प्रखंडों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति; पंचायत-बूथ स्तर पर मजबूती पर जोर

Updated:
विज्ञापन

नए अध्यक्षों को प्रमाण पत्र देते कांग्रेस के पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network

Munger Congress : बिहार कांग्रेस ने मुंगेर जिले में संगठन को मजबूत करने के लिए नए नगर और प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति की है. इस पहल का उद्देश्य पंचायत और बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाना है.

विज्ञापन

Munger Congress : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने की दिशा में मुंगेर जिले के विभिन्न नगर एवं प्रखंडों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है. भागलपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड अध्यक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के मार्गदर्शन में नवनियुक्त अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गयी. इस दौरान पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया.

हवेली खड़गपुर से तारापुर तक नयी जिम्मेदारी

जिले में हवेली खड़गपुर प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिलीप मंडल को दी गयी है, जबकि हवेली खड़गपुर नगर अध्यक्ष के रूप में विशाल चौरसिया की नियुक्ति की गयी है. मुंगेर प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह और मुंगेर नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मोहम्मद साजिद एवं बसंत सिंह को दी गयी है.

तारापुर प्रखंड अध्यक्ष के रूप में मो. तबारक खान को जिम्मेदारी मिली है. वहीं संग्रामपुर प्रखंड अध्यक्ष कुमार रविशंकर सिंह उर्फ मुकेश सिंह और जमालपुर नगर अध्यक्ष साईं शंकर को बनाया गया है.

इसके अलावा मुंगेर जिले में राकेश मंडल, मो. हेमजा और कपिलदेव पंडित समेत अन्य पदाधिकारियों को भी अलग-अलग नगर एवं प्रखंड क्षेत्रों में संगठन को गति देने के लिए अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लक्ष्य

मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने सभी नवनियुक्त नगर एवं प्रखंड अध्यक्षों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि नयी जिम्मेदारी के साथ सभी पदाधिकारी कांग्रेस संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के साथ आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना भी नवनियुक्त अध्यक्षों की प्राथमिकता होगी. कांग्रेस का संगठन तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता गांव, पंचायत, प्रखंड और नगर स्तर तक जनता के बीच मजबूती से मौजूद रहेंगे.

पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि नये अध्यक्ष संगठन को सक्रिय बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया. कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि नयी नियुक्तियों से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी.


विज्ञापन
राणा गौरी शंकर

लेखक के बारे में

By राणा गौरी शंकर

राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन