मुंगेर में सामने से वाहन को साइड देने में अनियंत्रित हुई बाइक, मंदिर से टकराकर किशोर की मौत

Updated:
विज्ञापन

विलाप करते मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हवेली खड़गपुर में सड़क हादसा, एक 17 वर्षीय किशोर की मौत और दो गंभीर रूप से घायल. तीनों इंटर परीक्षा का फॉर्म भरने के बाद लौट रहे थे. बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के बैरियर और मंदिर से जा टकराई.

विज्ञापन

Haveli Kharagpur Bike Accident: हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के एनएच 333 स्थित हवेली खड़गपुर-जमुई मुख्य मार्ग पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रमनकाबाद बजरंगबली स्थान के समीप सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर पहले लोहे के सुरक्षा घेरे से टकरायी और फिर सड़क किनारे स्थित मंदिर से जा भिड़ी. हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गये.

विज्ञापन

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को संभाला और इलाज के लिए हवेली खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

इंटर परीक्षा का फॉर्म भरकर लौट रहे थे तीनों किशोर

जानकारी के अनुसार, गंगटा पंचायत के वासुदेवपुर गांव निवासी उमेश प्रसाद यादव का 17 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार, वरुण यादव का पुत्र संगम कुमार और नरेश यादव का पुत्र गोलू कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर रंगनाथ उच्च विद्यालय बनहरा में इंटर परीक्षा का फॉर्म भरने गये थे.

फॉर्म भरने के बाद तीनों बाइक से हवेली खड़गपुर बाजार की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान रमनकाबाद बजरंगबली स्थान के समीप सामने से एक वाहन आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन को साइड देने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गयी. बाइक पहले सड़क किनारे लगे लोहे के सुरक्षा घेरे से टकरायी और इसके बाद मंदिर से जा भिड़ी.

हादसा इतना गंभीर था कि विशाल कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं संगम कुमार और गोलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया.

संगम के पैर और गोलू के सीने में गंभीर चोट

अनुमंडल अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अजीत ने बताया कि संगम कुमार के पैर में गंभीर चोट आयी है, जबकि गोलू कुमार के सीने में चोट लगी है. दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. हालांकि दुर्घटना के सटीक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि बाइक पर सवार तीनों किशोरों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था.

Haveli Kharagpur Bike Accident: विशाल की मौत से परिवार में मचा कोहराम

विशाल कुमार की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंच गये. बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गये.

परिजनों के अनुसार, विशाल तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था. दुर्घटना के समय उसके माता-पिता देवघर गये हुए थे. बेटे की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

वहीं संगम कुमार वासुदेवपुर में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था. हादसे के बाद उसके परिवार और गांव में भी चिंता का माहौल है. एक ही बाइक पर तीन किशोरों के सवार होने और हेलमेट नहीं पहनने की बात ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किये हैं.

Also Read: बिहार में बाढ़ से 270 करोड़ की फसलें बर्बाद, जानिए कितना दिया जाएगा किसानों को अनुदान

Also Read: बिहार के शिक्षकों और कर्मचारियों को राहत, CM सम्राट चौधरी ने जारी किए 461 करोड़ रुपये

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन