धौनी चौरा नदी के पास अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, पुल पर रेलिंग न होने से मंडरा रहा खतरा

क्षतिग्रस्त गाड़ी
तारापुर के भूना गांव के पास धौनी चौरा नदी के समीप एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गई. गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई. पुल पर रेलिंग न होने से श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.
तारापुर (मुंगेर) से संजय वर्मा की रिपोर्ट
Tarapur Munger Scorpio Accident: बुधवार की सुबह टेटिया बंबर प्रखंड के भूना गांव में आयोजित एक समारोह से वापस लौट रही सफेद रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (निबंधन संख्या: BR 10PB 0306) धौनी चौरा नदी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गाड़ी का स्टीयरिंग फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा.
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर बचाई जान
हादसा होते ही घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर धौनी के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और भारी तत्परता दिखाते हुए गाड़ी के भीतर फंसे चालक और एक अन्य यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला. गनीमत यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं. जांच के बाद पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी का मालिक जमालपुर का रहने वाला है.
जेसीबी की मदद से निकाली गई स्कॉर्पियो

घटना की जानकारी मिलते ही तारापुर थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल एक जेसीबी (JCB) मशीन को मौके पर बुलवाया. काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया और थाने ले आई.
श्रावणी मेले से पहले सुरक्षा भगवान भरोसे
इस सड़क हादसे ने विश्वप्रसिद्ध सुल्तानगंज-देवघर श्रावणी मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है. मेले की शुरुआत होने में अब महज 21 दिन का समय शेष रह गया है. सावन के महीने में इस मुख्य मार्ग से चौबीसों घंटे लाखों शिवभक्तों और अनगिनत वाहनों का रेला गुजरता है, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम अब भी अधूरे हैं.
बिना पारापेट (रेलिंग) के मौत को दावत दे रहा पुल
स्थानीय ग्रामीणों ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि धौनी चौरा नदी के इस व्यस्त पुल पर वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए कोई 'दुवासल' या 'पारापेट' (सुरक्षा दीवार या रेलिंग) नहीं बनाई गई है. पुल के दोनों छोर पूरी तरह खुले हैं, जिससे रात के समय या तेज रफ्तार में जरा सी चूक होने पर वाहनों के सीधे नदी या गड्ढे में गिरने का जोखिम हमेशा बना रहता है.
Tarapur Munger Scorpio Accident: ग्रामीणों ने की त्वरित बैरिकेडिंग की मांग
तारापुर के थानाध्यक्ष राज कुमार ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर, स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन से कड़ी मांग की है कि श्रावणी मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की सुरक्षा के लिए इस पुल पर अविलंब मजबूत बैरिकेडिंग या पारापेट का निर्माण कराया जाए, ताकि सावन में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










