जमालपुर रेलवे अस्पताल का मेदांता पटना से हुआ टाई-अप, रेलकर्मियों को मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा

Updated:
विज्ञापन

बैठक करते ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस ब्रांच-2 के रेलकर्मी | Prabhat Khabar Network

जमालपुर रेल कारखाना के रेलकर्मियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अब उन्हें आपातकालीन स्थिति में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल में तुरंत रेफर किया जा सकेगा. इस टाई-अप से रेलकर्मियों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस ब्रांच-2 की आवश्यक बैठक मंगलवार को यूनियन कार्यालय में शाखा सचिव कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पूर्व रेलवे मुख्य अस्पताल जमालपुर का पटना स्थित मेदांता अस्पताल से टाई-अप होने को रेलकर्मियों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया. शाखा सचिव ने कहा कि इस पहल से आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पताल में समय पर रेफर करने में मदद मिलेगी. इससे जमालपुर रेल कारखाना के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रेल मंत्री के सामने उठाया गया था मुद्दा

शाखा सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि रेल मंत्री के जमालपुर आगमन के दौरान पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता को मेदांता अस्पताल पटना से टाई-अप कराने को लेकर ज्ञापन दिया गया था. इसके अलावा ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस ब्रांच-2 ने रेल इंजन कारखाना जमालपुर के मुख्य कारखाना प्रबंधक और पूर्व रेलवे मुख्य अस्पताल के अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को भी इस आवश्यकता से अवगत कराया था.

गंभीर मरीजों को पटना भेजना होगा आसान

यूनियन की ओर से बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को मेदांता अस्पताल पटना रेफर करने की व्यवस्था की मांग की गयी थी. आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होने के साथ पटना तक एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को अपेक्षाकृत कम समय में पहुंचाना भी संभव है. ऐसे में गंभीर मरीजों के इलाज में समय की बचत हो सकती है.

सियालदह भेजने में होती थी परेशानी

कृष्ण कुमार ने कहा कि पहले गंभीर मरीजों को बीआर सिंह अस्पताल सियालदह भेजने में काफी समय लगता था. लंबी दूरी के अलावा भाषा की समस्या के कारण जमालपुर के रेलकर्मियों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था. पटना के मेदांता अस्पताल से टाई-अप होने के बाद इन परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है.

उन्होंने कहा कि काफी प्रयास के बाद मुख्य कारखाना प्रबंधक और पूर्व रेलवे मुख्य अस्पताल प्रशासन की पहल से यह टाई-अप संभव हो पाया है. इसके लिए उन्होंने दोनों अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार जताया.

रेलकर्मियों की सुविधा के लिए संघर्ष जारी रखने का दावा

शाखा सचिव ने कहा कि ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस रेलकर्मियों की सुविधा और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है. मेदांता से टाई-अप इसी प्रयास का परिणाम है. इस उपलब्धि से जमालपुर रेल कारखाना के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी है.

बैठक में यूनियन के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में संयुक्त सचिव धर्मवीर कुमार, कोषाध्यक्ष राजेश राज, सहायक सचिव चंदन कुमार और अविनाश कुमार सिन्हा, संगठन सचिव नीतीश कुमार सहित शाखा पार्षद संतोष कुमार, सुमित कुमार, मनोज कुमार, सुमन कुमार और अंकित कुमार पंडित मौजूद थे. बैठक में रेलकर्मियों से जुड़ी सुविधाओं और संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा की गयी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन