मधुबन दरियापुर में नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, देर रात तक गूंजा खेल का रोमांच

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 10:04 AM

विज्ञापन

Munger News : मुंगेर के हवेली खड़गपुर में पहली बार आयोजित नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट ने युवाओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया. एसडीएम और बीडीओ ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए टूर्नामेंट का शुभारंभ किया.

विज्ञापन

हवेली खड़गपुर मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट : मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत मधुबन दरियापुर गांव शनिवार की रात खेल उत्साह से जगमगा उठा. दरियापुर टू पंचायत के मैदान में आयोजित वॉलीबॉल चैंपियंस ओपन चैलेंज टूर्नामेंट लीग मैच का भव्य उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन, बीडीओ प्रियंका कुमारी और पंचायत समिति सदस्य ज्योतिष पासवान ने संयुक्त रूप से सर्विस बॉल खेलकर किया. नाइट टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला.

देर रात तक खेल प्रेमियों से गुलजार रहा मैदान

नाइट टूर्नामेंट होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मैदान में जुटे रहे. रात 11 बजे के बाद तक मैच का रोमांच जारी रहा. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया. पूरे मैदान में खेल को लेकर उत्सवी माहौल बना रहा.

ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ा रही सरकार : एसडीएम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम राजीव रोशन ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार काम कर रही है. गांवों में खेल मैदान और इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की.

पहली बार नाइट टूर्नामेंट से बढ़ा युवाओं का उत्साह

बीडीओ प्रियंका कुमारी ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में पहली बार नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होना गर्व की बात है. इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलेगा. उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और युवाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

खेल आयोजन में जुटे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण

टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर पैक्स अध्यक्ष मंटू पासवान, धीरज कुमार वर्मा, रिकी कुमार, प्रायोजक धीरज कुमार पासवान, रवि कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे. आयोजन समिति ने खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत किया. पूरे क्षेत्र में टूर्नामेंट को लेकर उत्साह और उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन