जुबली वेल से स्टेशन के लिए बनेगा नया संपर्क पथ, भेजा जा रहा प्रपोजल : डीआरएम

पूर्व रेलवे मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शनिवार को जमालपुर-धनोरी रेल खंड का विंडो इंस्पेक्शन किया.
डीआरएम ने जमालपुर-धनौरी रेलखंड का किया विंडो इंस्पेक्शन
जमालपुर. पूर्व रेलवे मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शनिवार को जमालपुर-धनोरी रेल खंड का विंडो इंस्पेक्शन किया. इस दौरान उन्होंने धरहरा, अभयपुर, कजरा और धनौरी रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया. वहां से लौटने के बाद उन्होंने जमालपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि जमालपुर में जुबली वेल से स्टेशन के लिए नए संपर्क पथ का निर्माण किया जाएगा.जमालपुर-धनौरी के बीच स्टेशनों पर बढ़ेगी यात्री सुविधा
उन्होंने बताया कि जमालपुर से धनौरी तक के सभी रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया. इन रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधा के विस्तार को लेकर कई कार्य सैंक्शन करवाए गए हैं. इन स्टेशनों में कई ऐसे स्टेशन है. जहां प्लेटफार्म की जरूरत है तो कई स्टेशन ऐसे हैं. जहां प्लेटफार्म की ऊंचाई या उसकी चौड़ाई कम पाई गयी है. कहीं रेल यात्रियों के लिए पानी की सुविधा नहीं है, तो कहीं शौचालय की समस्या बनी हुई है. इस रेलखंड के कई स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज की सुविधा नहीं है. उन्होंने बताया कि वह यह देखने आए थे कि आखिर इन योजनाओं की कार्य प्रगति क्या है, ताकि यात्रियों को इस प्रकार की सुविधा जल्द से जल्द मिल सके.दूसरा मार्ग तैयार होने पर सीधे रोड ओवर ब्रिज से स्टेशन के एस्केलेटर तक पहुंचा जा सकेगा
मंडल रेल प्रबंधक से जब यह पूछा गया कि जुबली वेल से स्टेशन तक की सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. जिसके कारण न केवल रेल यात्री, बल्कि आने-जाने वाले राहगीर भी प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करते हैं. इसे लेकर उन्होंने बताया कि यहां अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है. इस समस्या से निबटने के लिए राज्य सरकार से संपर्क किया गया है. उन्होंने कहा कि वाहनों की संख्या काफी अधिक है. जुबली वेल सड़क की चौड़ाई काफी अच्छी है, परंतु दुकान को सड़क तक अतिक्रमण कर लाया जा चुका है. इसके कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है और इसी के कारण जाम की स्थिति बनती है. उन्होंने कहा कि जुबली वेल से स्टेशन तक नए संपर्क पथ का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जा रहा है, ताकि जमालपुर में स्टेशन परिसर तक पहुंचाने के लिए दूसरा प्रवेश मार्ग तैयार हो सके. दूसरा मार्ग तैयार होने पर सीधे रोड ओवर ब्रिज से स्टेशन के एस्केलेटर तक पहुंचा जा सकेगा.स्टेशन के निकट बैरिकेडिंग या फेंसिंग चोरी का मामला दर्ज
डीआरएम ने स्टेशन के निकट बैरिकेडिंग चोरी मामले में कहा कि इसे लेकर मामला दर्ज किया जा चुका है और तहकीकात की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस समस्या का जड़ भी अतिक्रमण है. जमालपुर में रेल यात्रियों के लिए पिछले 7-8 वर्षों से खान-पान सुविधा नहीं उपलब्ध होने को लेकर उन्होंने कहा कि मंडल मुख्यालय में ई-औक्शन मॉड्यूल पर काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जमालपुर साहिबगंज रेलखंड पर साहिबगंज-पीरपैंती और सुल्तानगंज रेलवे स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. इन तीनों स्टेशनों पर ब्रिज का निर्माण हो जाने के बाद जमालपुर और मालदा रेलवे स्टेशनों पर नया फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा.मौके पर ये अधिकारी थे मौजूद
डीआरएम के साथ सीनियर डीईएन कोऑर्डिनेशन निलेश कुमार गौरव, सीनियर डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर राहुल कुमार, सीनियर डिवीजनल कामर्शियल मैनेजर कार्तिक सिंह, कैरिज एंड वैगन के सीनियर डीएमई रोहित सिंह, सीनियर डिवीजनल सिग्नल टेलीकॉम इंजीनियर राजेंद्र कुमार, सीनियर डिवीजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर टीआरडी खुर्शीद अहमद, सीनियर डिवीजनल मेकेनिकल मैनेजर मोसेस नाग, सीनियर डीएमई प्रदीप दास, सीनियर डीएसओ ताराचंद, डीएससी असीम कुमार कुल्लू, एससीएम रसराज मांझी, स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार आदि मौजूद थे.धरहरा व दशरथपुर स्टेशन पर होगा यात्री सुविधा का विस्तार
धरहरा. मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शनिवार को जमालपुर-किऊल रेलखंड के दशरथपुर और धरहरा का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसरों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की स्थिति का गहन जायजा लिया. साथ ही कई सुधारात्मक निर्देश दिए.निरीक्षण के क्रम में दशरथपुर रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने रेल लाइन, प्लेटफॉर्म, ओवरब्रिज समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो को हाई लेवल करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी सुविधा होगी और दुर्घटना की आशंका भी कम होगी. साथ ही स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण की घोषणा की. जिससे प्लेटफॉर्म के बीच आवागमन और अधिक सुरक्षित व सुगम होगा. डीआरएम ने प्लेटफॉर्म पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और साफ-सुथरे शौचालय के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया. वहीं धरहरा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि छोटे स्टेशनों पर भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, इसके लिए विभाग लगातार प्रयासरत है. डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




