एमयू का 1070 करोड़ 45 लाख 38 हजार 177 घाटे का बजट पारित

मुंगेर विश्वविद्यालय के सीनेट की बैठक शुक्रवार को छात्र संगठनों के आंदोलन के बीच संंपन्न हो गया.
मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय के सीनेट की बैठक शुक्रवार को छात्र संगठनों के आंदोलन के बीच संंपन्न हो गया. हालांकि, अभाविप व छात्र राजद के आंदोलन के कारण सीनेट की बैठक आरडी एंड डीजे काॅलेज आडिटोरियम की जगह विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सभागार में हुई. इस कारण कई सीनेटर सदस्य पूर्व निर्धारित बैठक स्थल आरडी एंड डीजे काॅलेज के ऑडिटोरियम में ही फंसे रह गये, क्योंकि बैठक के निर्धारित समय पर जो सदस्य आरडी एंड डीजे काॅलेज ऑडिटोरियम में प्रवेश कर गए थे, उन्हें प्रदर्शनकारियों ने अंदर ही बंद कर दिया. इस बीच करीब 1:30 बजे सिंडिकेट सभागार में बैठक शुरू हुई.
1070.45 करोड़ घाटे का बजट पारित
एमयू के सिंडिकेट हॉल में विश्वविद्यालय का सातंवा सीनेट बैठक आनन-फानन में आयोजित किया गया. इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो संज कुमार ने की. इस दौरान वित्त पदाधिकारी ने सीनेट सदस्यों के बीच विश्वविद्यालय के वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक बजट रखा. इसमें वेतन मद, विश्वविद्यालय मुख्य कार्यालय व संबद्ध कार्यालय, पीजी विभाग व अन्य 18 अंगीभूत काॅलेजों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन मद में 729 करोड़ 9 लाख 9 हजार 296 रुपये, पेंशन मद में 37 करोड़ 59 लाख 93 हजार 516 रुपये, डीए तथा एरियर मद में 7 करोड़ 10 लाख 77 हजार 665 रुपये के अलावा प्रोन्नत शिक्षकों के ऐरियर, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के एरियर मद, एनपीएस, कोर्ट केस, आउटसोर्सिंग कर्मियों, अतिथि शिक्षकों, नए कोर्स के संचालन को मिलाकर कुल 1098 करोड़ 72 लाख 47 हजार 542 रुपये का बजट रखा गया. इसमेें विश्वविद्यालय व कॉलेज की कुल आय 28 करोड़ 27 लाख 9 हजार 365 रुपये घटाकर कुल 1070 करोड़ 45 लाख 38 हजार 177 घाटे का सीनेट सदस्यों द्वारा पारित किया गया.
23 फरवरी को एकेडमिक सीनेट की होगी बैठक
छात्र संगठनों के आंदोलन के बीच बजट को छोड़कर सीनेट बैठक में काफी कम विषयों पर चर्चा की गयी. ऐसे में सदस्यों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि 23 फरवरी को एकेडमिक सीनेट की बैठक आयोजित की जाये. इस पर कुलपति ने भी सहमति दी. बैठक के क्रम में सीनेटर डॉ चंदन कुमार ने सामान्य वर्ग की छात्रा तथा एससी-एसटी वर्ग के छात्र व छात्रा दोनों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिए जाने के कारण कॉलेज को हाेने वाली क्षतिपूर्ति की राशि राज्य सरकार से मांगे जाने का मामला उठाया. इसे लेकर कुलसचिव ने कहा कि इस संबंध में सरकार को डिमांड भेजा जा चुका है. वहीं कुलपति ने राजकीय महिला कॉलेज जमुई को संचालन के लिए पांच लाख रुपये आवंटित किए जाने की बात कही. सीनेट सदस्य डॉ कुंदन लाल ने सेवांत लाभ की राशि भुगतान में विलंब होने का मामला उठाया. इसके अलावा संकल्प-10 हजार के तहत कार्यरत कर्मियों को हटाने का मुद्दा भी उठाया. इस पर नियमावली के अनुसार निर्णय लेने की बात कही गयी. बैठक के दौरान सीनेट सदस्य डॉ भवेशचंद्र पांडेय ने सीनेट सदस्यों के सम्मान का मामला उठाया. जिसका डॉ चंदन कुमार आदि ने समर्थन किया. सीनेट सदस्य विक्की आनंद ने यूजी शैक्षणिक सत्र 2021-24 का दीक्षांत समारोह होने के बावजूद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र नहीं देने का मामला उठाया तथा कहा कि वर्तमान कुलपति के कार्यकाल में अबतक तीन परीक्षा नियंत्रक बदले जा चुके हैं. परीक्षा के छह माह बाद भी परीक्षाफल प्रकाशित नहीं किया गया है. एसके कॉलेज लोहंडा के बायोटेक्नोलाॅजी के विद्यार्थियों को डेढ़ वर्ष से प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है. परीक्षा में काफी संख्या में शामिल विद्यार्थियों काे अनुपस्थित कर दिया जाता है. ऐसे में सप्ताह में दो दिन छात्र दरबार लगाया जाये. इस प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने समर्थन किया.
बैठक में ये थे शामिल
मौके पर कुलसचिव डॉ घनश्याम राय, ज्ञानचंद पटेल, प्रो प्रभात कुमार, पूनम देवी, विक्की आनंद, प्रो रंजना सिंह, प्रो गोपाल प्रसाद चौधरी, प्रो देवराज सुमन, प्रो हरिश्चंद्र शाही, प्रो सत्यादित्य सिंह, चंदन कुमार, भरत सिंह जोशी, डॉ अमित कुमार आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




