मुंगेर में खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आयीं तीन भैंसें, मौके पर दर्दनाक मौत

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 21 May 2026 9:51 AM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Munger News: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आयी है. खेत में कई दिनों से गिरे 11 हजार हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक किसान की तीन भैंसों की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

विज्ञापन

Munger News: हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट. मुंगेर जिले के शामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रहण पंचायत के सठबिग्घी लक्ष्मण टोला में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन भैंसों की मौके पर ही मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि भैंसें चारा चरने के लिए बहियार की ओर गयी थीं, तभी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ. घटना के बाद गांव में दहशत और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी का माहौल है.

चारा चरने गयी थीं भैंसें, खेत में बिछा था मौत का तार

जानकारी के अनुसार सठबिग्घी लक्ष्मण टोला निवासी लारो मंडल की तीन भैंसें रोज की तरह बहियार में चारा चरने गयी थीं. इसी दौरान खेत में पहले से टूटकर गिरा 11 हजार हाईटेंशन तार उनकी जान का कारण बन गया. करंट की चपेट में आते ही तीनों भैंसें तड़पने लगीं और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गयी.

ग्रामीणों के मुताबिक करंट इतना तेज था कि भैंसों का शरीर बुरी तरह झुलस गया. हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये.

ग्रामीणों में आक्रोश, विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. लोगों का कहना है कि कई दिनों से हाईटेंशन तार टूटकर खेत में गिरा हुआ था, लेकिन विभाग ने इसे हटाने या मरम्मत करने की कोई कोशिश नहीं की.

ग्रामीणों ने बताया कि अगर उस समय कोई व्यक्ति या मवेशी पालक वहां मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था. लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

मुआवजे की मांग तेज

अग्रहण पंचायत की मुखिया गुड़िया देवी ने पीड़ित पशुपालक लारो मंडल को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण गरीब किसान को भारी नुकसान हुआ है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से टूटे बिजली तारों की तत्काल मरम्मत कराने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

Also Read: ‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन