मुंगेर में पंचर बनाने को लेकर साइकिल दुकान पर बवाल, मारपीट में तीन घायल

Updated:
विज्ञापन
मुंगेर में पंचर बनाने को लेकर साइकिल दुकान पर बवाल, मारपीट में तीन घायल

Munger News: मुंगेर में पंचर के पैसे मांगने पर भड़का विवाद, साइकिल दुकान पर जमकर चले डंडे

विज्ञापन

Munger News: हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट — मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में बुधवार सुबह एक साइकिल दुकान पर पंचर बनाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. ग्राहक और दुकानदार के बीच हुई मारपीट में दुकानदार समेत तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया.

पंचर के पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद

घटना खड़गपुर नगर परिषद क्षेत्र के अनुमंडल रोड स्थित दुर्गा स्थान के समीप की है. घायल दुकानदार मोहम्मद इम्तियाज ने बताया कि उनकी ‘हिना साइकिल स्टोर’ नामक दुकान है.

बुधवार सुबह पश्चिम अजीमगंज स्थित भैया राम टोला के कुछ युवक साइकिल में हवा भरवाने पहुंचे. जांच के दौरान साइकिल पंचर निकली. दुकानदार ने पंचर बनाने के एवज में पैसे देने की बात कही.

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई.

फोन कर बुलाए साथी, फिर शुरू हुई मारपीट

दुकानदार के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने कुछ साथियों को फोन कर दुकान पर बुला लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई और मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया.

देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि युवकों ने दुकानदार पर हमला कर दिया.

मारपीट होते देख दुकानदार के भाई मोहम्मद इदरीश और मोहम्मद शमशाद बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी डंडे से हमला कर दिया.

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना में घायल तीनों लोगों को परिजनों की मदद से अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया. वहां डॉक्टर प्रदीप कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.

अस्पताल में घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

दिनदहाड़े हुई इस मारपीट की घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं.

हालांकि समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

Also Read: सीएम सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी, 211 प्रखंडों में जुलाई से डिग्री कॉलेज शुरू करने का भी ऐलान

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन