मुंगेर में पुराने मर्डर केस वापस लेने का दबाव, किसान पुत्र को गोली मारकर किया घायल
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 20 May 2026 1:29 PM
Munger Crime News
Munger Crime News: मुंगेर में पुराने मर्डर केस नहीं उठाने पर युवक को मारी गोली, गंगा किनारे दहशत फैलाने वाली वारदात
Munger Crime News: मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट — मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित टिकरामपुर गांव में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई. अपराधियों ने 25 वर्षीय सोनू कुमार को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसके पैर में लगी है और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुराने हत्या मामले को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और विरोध करने पर वारदात को अंजाम दिया गया.
गंगा किनारे पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी
घायल सोनू कुमार ने बताया कि वह घर से खेत की ओर भुट्टा छिलवाने जा रहा था. इसी दौरान टिकरामपुर गांव के समीप गंगा किनारे कुछ लोग पहले से घात लगाकर बैठे थे.
आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पुराने हत्या मामले को वापस लेने का दबाव बनाया. जब सोनू कुमार ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर गोली चला दी.
गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर फरार हो गए.
छठ पूजा के दिन हुई थी भाई की हत्या
परिजनों के अनुसार पिछले वर्ष छठ पूजा के दौरान सोनू कुमार के भाई आशुतोष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
उस मामले में जय राज यादव, विक्रम यादव और चुन्नी यादव समेत कई लोगों का नाम सामने आया था. बताया जा रहा है कि छठ घाट निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब खूनी रंजिश में बदल चुका है.
परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे.
“केस नहीं उठाओगे तो जान से मार देंगे”
घायल युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि राजा यादव, सालन यादव समेत अन्य लोगों ने पहले भी धमकी दी थी.
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने साफ कहा था कि अगर केस वापस नहीं लिया गया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा. इसके बाद बुधवार को सोनू कुमार पर फायरिंग की घटना हुई.
गांव में बढ़ी पुलिस निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि घायल और उसके परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










