पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क के आरोप में गिरफ्तार सद्दाम भेजा गया जेल, जांच जारी

Updated:
विज्ञापन
बीमार पिता ने पुत्र को बताया निर्दोष.

बीमार पिता ने पुत्र को बताया निर्दोष.

तारापुर से पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन उर्फ राणा भाई से संपर्क के आरोप में मो. शमशेर के बेटे मो. सद्दाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

विज्ञापन

तारापुर (मुंगेर) से संजय वर्मा की रिपोर्ट

पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन उर्फ राणा भाई से कथित संपर्क और हथियार बरामदगी के मामले में गिरफ्तार तारापुर के मिल्की खानपुर निवासी मो. शमशेर के पुत्र मो. सद्दाम को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है और इससे जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

पुलिस के अनुसार सद्दाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर राणा हुसैन उर्फ राणा भाई के संपर्क में था. जांच में उसके मोबाइल की संपर्क सूची में पाकिस्तानी नंबर "राणा भाई" के नाम से सेव मिला है. पुलिस का कहना है कि सद्दाम कुछ वर्षों तक मुंबई में रहा था और उसी दौरान वह इस गैंग के संपर्क में आया.

तारापुर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार इस मामले में सद्दाम के अलावा दो अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस उनके मोबाइल नंबरों का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है, ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी मिल सके.

इधर, गिरफ्तारी के बाद सद्दाम के खानपुर स्थित घर में सन्नाटा पसरा हुआ है. उसके माता-पिता ने बेटे के किसी आतंकी या आपराधिक संगठन से जुड़े होने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है.

टूटे पैर के कारण घर पर मौजूद पिता मो. शमशेर ने कहा कि उनका बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसे साजिश के तहत फंसाया गया है. उन्होंने बताया कि चार वर्ष पहले मुंबई में उसका मानसिक इलाज भी कराया गया था. उनके अनुसार सद्दाम कभी सिलाई, कभी वेल्डिंग और कभी मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम सीखने का प्रयास करता था, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण वह किसी काम में टिक नहीं सका.

मां फरीदा खातून ने भी बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा कि परिवार का आज तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है.

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है. डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन