सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण में सदर अस्पताल के कई कर्मियों पर गिरी गाज

Published by :AMIT JHA
Published at :22 Apr 2026 7:21 PM (IST)
विज्ञापन
सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण में सदर अस्पताल के कई कर्मियों पर गिरी गाज

सीएस डॉ राजू ने बुधवार को अपराह्न 4 बजे सदर अस्पताल के ओपीडी सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ अस्पताल उपाधीक्षक डॉ रामप्रवेश व अस्पताल प्रबंधक मो तौसिफ हसनैन थे.

विज्ञापन

ओपीडी में अनुपस्थित पाये जाने व वार्ड की व्यवस्था पर कई कर्मियों से मांगा स्पष्टीकरण

मुंगेर. सीएस डॉ राजू ने बुधवार को अपराह्न 4 बजे सदर अस्पताल के ओपीडी सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ अस्पताल उपाधीक्षक डॉ रामप्रवेश व अस्पताल प्रबंधक मो तौसिफ हसनैन थे. निरीक्षण के दौरान जहां ओपीडी और वार्ड में अनुपस्थित कई स्वास्थ्यकर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है. वहीं दवा बोर्ड पर दवाओं की सूची अपडेट नहीं होने के कारण दवा काउंटर के कर्मी से भी स्पष्टीकरण पूछा गया है.

ओपीडी में अनुपस्थित मिले कई कर्मी, स्पष्टीकरण

सीएस सबसे पहले ओपीडी पहुंचे. जहां निरीक्षण के दौरान परिवार नियोजन परामर्शी योगेश कुमार तथा एचआईवी जांच के लिये बने एसटीडी विभाग में क्लिनिक काउंसलर स्वाति कुमारी अनुपस्थित पायी गयी. इसे लेकर सीएस ने दोनों कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक को दिया. इसके अतिरिक्त ड्यूटी रोस्टर के अनुसार ओपीडी में दंत चिकित्सक डॉ पुतुल कुमारी अनुपस्थित पायी गयी. इससे भी स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया. हालांकि, इस दौरान ओपीडी में अन्य चिकित्सक डॉ निरंजन, डॉ बीएन सिंह, डॉ गुलनाज, डॉ रौनक सबा सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.

दवा सूची अपडेट नहीं होने पर बिफरे सीएस

ओपीडी निरीक्षण के दौरान अस्पताल के ओपीडी में दवा काउंटर के पास लगा दवा सूची बुधवार को अपडेट नहीं पाया गया. इसे लेकर सीएस पूरी तरह बिफर पड़े. उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक को दवा काउंटर कर्मी रविंद्र कुमार से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. साथ ही निर्देश दिया कि नियमित रूप से दवा लिस्ट को अपडेट करें, ताकि मरीज जान सके कि काउंटर पर कौन सी दवा उपलब्ध है और कौन सी नहीं. वहीं ओपीडी में निर्धारित दवाओं की उपलब्धता नियमित रूप से सुनिश्चित करें. इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

आईसीयू वार्ड में चप्पल व शू-कवर नहीं होने पर जतायी नाराजगी

सीएस ने एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच केंद्र, ओटी, इमरजेंसी वार्ड, पुरुष व महिला वार्ड, प्रसव केंद्र, एमसीएच ओटी, आईसीयू वार्ड आदि का निरीक्षण किया. इसमें आईसीयू जैसे अति गंभीर वार्ड में चप्पल तथा शू-कवर नहीं होने और मरीज के परिजन सहित स्टॉफ जूते में ही वार्ड में होने पर कड़ी नाराजगी जतायी. साथ ही आईसीयू वार्ड इंचार्ज संगीता कुमार से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक को दिया. इस दौरान अपराह्न 2 बजे से ड्यूटी पर स्टॉफ नर्स खुशबू कुमारी के अनुपस्थित रहने पर उससे भी स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया.

अपने कार्य स्थल पर ससमय रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान सीएस ने सभी चिकित्सक और कर्मियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्य स्थल पर ससमय उपस्थित होकर अपने कार्य का निर्वाह्न करें. इसमें किसी प्रकार की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि समय-समय पर उनके द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया जायेगा. उस दौरान यदि कोई चिकित्सक और कर्मी अनुपस्थित पाये जाते हैं और कर्तव्य में लापरवाही बरती जाती है तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
AMIT JHA

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन