आज से जिले के 25 केंद्रों पर इंटर परीक्षा शुरू, जूता-मौजा में प्रवेश की अनुमति नहीं

Published by : AMIT JHA Updated At : 01 Feb 2026 11:17 PM

विज्ञापन

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से सोमवार से जिले के कुल 25 परीक्षा केंद्र पर इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा ली जायेगी

विज्ञापन

मुंगेर.

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से सोमवार से जिले के कुल 25 परीक्षा केंद्र पर इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा ली जायेगी. इसके लिए सदर अनुमंडल में 17, तारापुर और हवेली खड़गपुर अनुमंडल में चार-चार परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा में कुल 16,826 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इसमें 8,250 छात्र व 8,576 छात्राएं शामिल हैं. इधर, परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में 2 से 13 फरवरी के बीच होगी. इंटर परीक्षा को लेकर किसी भी परीक्षार्थी को जूता मोजा पहन कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने नहीं दिया जायेगा, इसलिए उन्हें चप्पल पहनकर ही आना होगा. इतना ही नहीं पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से अपराह्न 12.45 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर बाद 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे के बीच संपन्न करायी जायेगी. इसमें पहली पाली में परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक व दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1.30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जायेगा. इसके बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश करने नहीं दिया जायेगा.

कीपैड वाला मोबाइल रखेंगे केंद्राधीक्षक

परीक्षा केंद्र पर परीक्षा संचालन के लिए प्रतिनियुक्त कोई भी वीक्षक परीक्षा केंद्र पर मोबाइल नहीं ले जायेंगे. जबकि संबंधित केंद्राधीक्षक भी केवल कीपैड वाले मोबाइल फोन का ही प्रयोग करेंगे. इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पूरी परीक्षा अवधि के लिए निषेधाज्ञा लागू रहेगी. ऐसे में आसपास कहीं भीड़ इकट्ठा नहीं होगी तथा फोटो स्टेट व इंटरनेट कैफे बंद रहेंगे.

सभी केंद्रों पर स्टेटिक दंडाधिकारियों की तैनाती

परीक्षा के पारदर्शी, शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त माहौल में संचालन को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी व सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो. साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व लाउडस्पीकर की व्यवस्था की गयी है. इससे परीक्षा केंद्र के अंदर व बाहर की निगरानी करने में मदद मिलेगी व लाउडस्पीकर के माध्यम से सार्वजनिक सूचना प्रसारित की जा सकेगी.

विज्ञापन
AMIT JHA

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन