हरियाणा से जहानाबाद जा रही शराब की खेप असरगंज में पकड़ी गयी, 387 लीटर विदेशी शराब बरामद
बरामद शराब के साथ पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
असरगंज पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टाटा नेक्सन कार से 387 लीटर विदेशी शराब बरामद की और हरियाणा के चालक को गिरफ्तार किया।
असरगंज (मुंगेर). गुप्त सूचना के आधार पर असरगंज थाना पुलिस ने शनिवार को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटा नेक्सन कार से 387.18 लीटर विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर लिया. बरामद शराब में ऑफिसर्स च्वाइस टेट्रा पैक समेत अन्य ब्रांड की विदेशी शराब शामिल है. पुलिस ने शराब लदी कार को जब्त कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में शराब की खेप हरियाणा से भागलपुर के रास्ते जहानाबाद ले जाने की बात सामने आयी है.
कहते हैं थानाध्यक्ष
असरगंज थानाध्यक्ष विपुल कुमार ने बताया कि पुलिस को शराब की खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच शुरू की गयी. इसी दौरान लदौआ मोड़ के समीप सत्ती स्थान के पास पुलिस ने संदिग्ध टाटा नेक्सन कार को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने तत्काल कार चालक को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान अजय कुमार, पिता नरेश, ग्राम बिसनपुरा, थाना सादपुर, जिला जींद, हरियाणा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, जब्त टाटा नेक्सन कार का नंबर BR01DQ 5539 है. कार की तलाशी में कुल 387.18 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी.
भागलपुर के रास्ते जहानाबाद पहुंचनी थी खेप पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप हरियाणा से भेजी गयी थी. इसे भागलपुर के रास्ते जहानाबाद पहुंचाया जाना था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके इशारे पर भेजी गयी थी और इसे जहानाबाद में किसे सौंपा जाना था.थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने जब्त शराब और वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित रखा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










