पौने आठ लाख की हाईमास्ट लाइट चार दिनों से बंद, शिकायत के बाद भी नहीं हुई दुरुस्त
वार्ड संख्या 2 का बंद खराब हाई मास्क लाइट | Prabhat Khabar Network
हवेली खड़गपुर में लाखों की लागत से लगी हाईमास्ट लाइट चार दिनों से बंद है। शिकायत के बाद भी मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
हवेली खड़गपुर (मुंगेर). नगर परिषद क्षेत्र को रोशनी से जगमग करने के लिए लाखों रुपये खर्च कर लगायी गयी हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं. वार्ड संख्या दो के झील रोड में करीब 7 लाख 85 हजार रुपये की लागत से लगी हाईमास्ट लाइट पिछले चार दिनों से बंद पड़ी है. वार्ड पार्षद अशोक सिंह द्वारा इसकी शिकायत नगर प्रबंधक से किये जाने के बावजूद अब तक लाइट दुरुस्त नहीं हो सकी है. नगर परिषद क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कुल 36 हाईमास्ट लाइटें लगायी गयी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी राशि खर्च कर प्रकाश व्यवस्था तो की गयी, लेकिन खराब होने के बाद समय पर मरम्मत और रखरखाव की समुचित व्यवस्था नहीं दिखती. विभिन्न वार्डों में कई स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं.
कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट पड़ी है बंद
कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट भी बंद, अंधेरे में लोग बताया जाता है कि नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में कई स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं. शिकायत के बावजूद कई बार इन्हें समय पर ठीक नहीं किया जाता है. इससे रात में गलियों और सड़कों पर अंधेरा रहने से लोगों को परेशानी होती है. विदित हो कि हाईमास्ट लाइटों की खरीद के समय इसकी कीमत को लेकर भी विवाद हुआ था.
नगर परिषद कार्यालय के बाहर उप मुख्य पार्षद दीपक यादव के नेतृत्व में दर्जन भर से अधिक वार्ड पार्षदों ने कई दिनों तक भूख हड़ताल की थी. आरोप था कि बाजार मूल्य की तुलना में अधिक कीमत पर हाईमास्ट लाइट की खरीद की जा रही है. विरोध के बावजूद निर्धारित कीमत पर इनकी खरीद और स्थापना की गयी. अब करीब पौने आठ लाख रुपये की हाईमास्ट लाइट खराब रहने से इसके रखरखाव और समयबद्ध मरम्मत को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
कहते हैं नगर प्रबंधक
कहते हैं नगर प्रबंधक नगर प्रबंधक प्रिया रंजन ने बताया कि वार्ड संख्या दो में बंद पड़ी हाईमास्ट लाइट की शिकायत मिली है और संबंधित कंपनी को इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. जल्द ही लाइट ठीक करा दी जायेगी. उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर भी नये वेंडर को पत्र लिखा गया है. शीघ्र ही खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










