केनरा बैंक ने सीएसआर के तहत दो विद्यालयों में लगाये 18 पंखे

केनरा बैंक, संग्रामपुर शाखा द्वारा शुक्रवार को सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए प्रखंड क्षेत्र के दो विद्यालयों में 18 पंखे लगाये गये.
संग्रामपुर. केनरा बैंक, संग्रामपुर शाखा द्वारा शुक्रवार को सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए प्रखंड क्षेत्र के दो विद्यालयों में 18 पंखे लगाये गये. बैंक की यह पहल भीषण गर्मी के मौसम में छात्रों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है. जानकारी के अनुसार, राजकुमार एवं लालजी उच्च विद्यालय, बढ़ौनियां में 10 पंखे तथा कन्या प्रोजेक्ट विद्यालय प्लस टू, संग्रामपुर में आठ पंखे लगाये गये हैं. इस पहल से दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के अध्ययन वातावरण में सुधार होगा. बढौनियां के प्रभारी प्रधानाचार्य धर्मेंद्र चौधरी ने इस सराहनीय पहल के लिए केनरा बैंक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक द्वारा किया गया यह सहयोग छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा. वहीं शाखा प्रबंधक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि बैंक द्वारा सामाजिक दायित्वों के तहत विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती है. इसी क्रम में विद्यालयों में पंखा लगाया गया. ——————- शराब तस्करी का अभियुक्त नशे में हंगामा करते हुए गिरफ्तार तारापुर. तारापुर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के धनपुरा के समीप शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक शराबी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने यह कार्रवाई स्थानीय लोगों द्वारा दी गयी सूचना के आधार पर की. इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सुबंता कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही गश्ती कर रहे एसआई मो हारून रशीद को दल-बल के साथ मौके पर भेजा गया. जहां शराब पीकर हंगामा कर रहे हरपुर थाना क्षेत्र के बिचला टोला निवासी कंपनी पासवान को हिरासत में लिया गया और मेडिकल जांच के लिए अनुमंडल अस्पताल तारापुर ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने शराब सेवन की पुष्टि की. इसके बाद शराबी कंपनी पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार आरोपित पर पहले से ही हरपुर थाना में दो और तारापुर थाना में एक शराब तस्करी का मामला दर्ज है. जिसमें वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. ———————- निशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर में 160 व्यक्तियों के नेत्रों की हुई जांच हवेली खड़गपुर. अखिल विश्व गायत्री परिवार, खड़गपुर शाखा की ओर से शुक्रवार को नगर के गायत्री शक्तिपीठ में निशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर लगाया गया. अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल दलसिंहसराय की ओर से लगाये गये शिविर में 160 व्यक्ति के आंखों की जांच की गयी. इसमें 40 व्यक्तियों के आंखों में मोतियाबिंद का लक्षण पाया गया. कार्यक्रम के संयोजक सह प्रखंड प्रतिनिधि संजीव कुमार ने कहा कि मोतियाबिंद के पीड़ित रोगी को निशुल्क ऑपरेशन, भोजन, दवाई, चश्मा एवं आवागमन की सुविधा निशुल्क व्यवस्था की गयी है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक महीने के 10 तारीख को गायत्री शक्तिपीठ में मोतियाबिंद निशुल्क जांच किया जाता है. डीओटी प्रिंस कुमार ने कहा कि भौतिक युग में आहार विहार के कारण कम उम्र में ही आम लोग की आंखों में मोतियाबिंद व अन्य रोग का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. उन्होंने कहा कि अपने भोजन में विटामिन और मिनरल्स का नियमित सेवन करना चाहिए. आहार में फास्ट फूड सेवन से बचना चाहिए. मौके पर काउंसलर आकाश कुमार, लाल बाबू सिंह, प्रमोटर पप्पू कुमार, कुंदन कुमार, श्याम देव ठाकुर, हरिहर दास, अरुण कुमार पाठक सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




