ePaper

रेस ड्राइविंग के चपेट में आने से बाल-बाल बचे ट्रैफिक डीएसपी

Updated at : 31 Dec 2025 10:01 PM (IST)
विज्ञापन
रेस ड्राइविंग के चपेट में आने से बाल-बाल बचे ट्रैफिक डीएसपी

रेस ड्राइविंग के चपेट में आने से बाल-बाल बचे ट्रैफिक डीएसपी

विज्ञापन

ट्रैफिक डीएसपी को टक्कर मारते हुए बुलेट सवार फरार, पुलिस हिरासत में दो युवक नववर्ष को लेकर रेस ड्राइविंग के खिलाफ सख्त अभियान, बाल-बाल बचे ट्रैफिक डीएसपी मुंगेर. 31 दिसंबर व एक जनवरी को लेकर जिले में रेस ड्राइविंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रेस ड्राइविंग कर रहे बुलेट सवार युवकों की चपेट में आने से ट्रैफिक डीएसपी बाल-बाल बच गये. इस दौरान बुलेट चालक पुलिस वाहन में ठोकर मारते हुए जान जोखिम में डालकर फरार हो गया, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. बताया जाता है कि नववर्ष को लेकर शहर में रेस ड्राइविंग पर अंकुश लगाने के लिए आठ स्थानों पर नाकेबंदी की गयी है. ट्रैफिक पुलिस चौक-चौराहों पर लगातार जांच अभियान चला रही है. बुधवार को भगत सिंह चौक पर ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस लिखी बुलेट मोटर साइकिल पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में रेस ड्राइविंग करते हुए वहां से गुजरे. संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए ट्रैफिक डीएसपी ने उनका पीछा किया. जब युवक किला के दक्षिणी द्वार पर लगाये गये नाकेबंदी स्थल के पास पहुंचे तो उन्होंने खतरनाक तरीके से अचानक यू-टर्न ले लिया. ट्रैफिक डीएसपी व अन्य पुलिसकर्मियों ने बाइक को रोकने का इशारा भी किया, लेकिन चालक नहीं रुका. आरोप है कि बुलेट चालक ने ट्रैफिक डीएसपी के वाहन में ठोकर मारते हुए तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गया. बुलेट की रफ्तार इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद ट्रैफिक डीएसपी और सिपाही किसी तरह सामने से हटे. कुछ सेकेंड की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि यू-टर्न लेने के दौरान बुलेट पर सवार दो युवक सड़क पर गिर गये, जिन्हें ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया. सूचना मिलने पर कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे व दोनों युवकों से पूछताछ शुरू की. पुलिस फरार बुलेट चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि रेस ड्राइविंग के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस लिखी बुलेट मोटर साइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया था. लेकिन चालक ने खतरनाक तरीके से यू-टर्न लेते हुए उनके वाहन में ठोकर मार दी और फरार हो गया. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन