मुंगेर के स्कूल मैदान में महीनों से खुला पड़ा गहरा गड्ढा, छात्रों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा

Updated:
विज्ञापन
मुंगेर के स्कूल मैदान में महीनों से खुला पड़ा गहरा गड्ढा, छात्रों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा

Munger News : मुंगेर के एक सरकारी स्कूल के मैदान में पंचायत भवन निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा अब बच्चों के लिए हादसे का कारण बन सकता है. ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट : मुंगेर जिले के टेटिया बंबर प्रखंड स्थित जगन्नाथ उच्च विद्यालय प्लस टू में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है. विद्यालय मैदान में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए खोदा गया गहरा गड्ढा महीनों बाद भी नहीं भरा गया है. निर्माण स्थल बदल जाने के बावजूद खुले गड्ढे को जस का तस छोड़ दिया गया, जिससे छात्र-छात्राओं के बीच दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है.

खेल मैदान में शुरू हुई थी खुदाई

जानकारी के अनुसार कुछ माह पहले पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए विद्यालय परिसर स्थित खेल मैदान में जेसीबी मशीन से खुदाई कर नींव तैयार की गई थी. जैसे ही ग्रामीणों और अभिभावकों को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने विद्यालय परिसर में सरकारी भवन निर्माण का विरोध शुरू कर दिया. लोगों का कहना था कि खेल मैदान बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है.

विरोध के बाद बदला निर्माण स्थल

लगातार विरोध के बाद प्रशासन ने पंचायत सरकार भवन निर्माण का स्थान बदल दिया और दूसरे स्थान पर कार्य शुरू करा दिया. लेकिन विद्यालय मैदान में बना बड़ा गड्ढा अब तक नहीं भरा गया है. बरसात के मौसम में गड्ढे में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है. विद्यालय में प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के दौरान बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी

विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गड्ढा भरवाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

प्रधानाध्यापक ने बताई पूरी स्थिति

विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बिना विद्यालय प्रशासन की अनुमति के स्कूल परिसर में पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी. छात्रों और ग्रामीणों के विरोध के बाद निर्माण कार्य को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया, लेकिन मैदान में बना गड्ढा अब तक नहीं भरा गया है, जिससे रोजाना परेशानी हो रही है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन