नेपाल में बारिश बढ़ी, विशुनपुरवा के टूटे तटबंध पर पहुंचे डीएम-एसपी, बाढ़ को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट

सुगौली में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौड़ा करते डीएम सौरभ सुमन यादव, एसपी स्वर्ण प्रभात व एसडीओ अरूण कुमार
नेपाल में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण सुगौली के विशुनपुरवा में तटबंध टूट गया है, जिससे जिला प्रशासन में चिंता बढ़ गई है. संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है.
East Champaran News: नेपाल में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच सुगौली के विशुनपुरवा में टूटा तटबंध जिला प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात और सदर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
अधिकारियों ने टूटे तटबंध, आसपास की बस्तियों और जलप्रवाह की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को तत्काल सुरक्षा और मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश दिए.
संवेदनशील इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी के आदेश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तटबंध से जुड़े किसी भी जोखिम को हल्के में नहीं लिया जाएगा.
उन्होंने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए, आवश्यक मशीनरी और संसाधन मौके पर उपलब्ध रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें.
बाढ़ की आशंका को लेकर सभी विभाग रहेंगे सतर्क
प्रशासन ने कहा कि बाढ़ की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे.
साथ ही चेतावनी दी गई कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
ग्रामीणों से भी की बातचीत
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.
ग्रामीणों ने तटबंध को मजबूत करने और स्थायी समाधान की मांग रखी. इस पर प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तटबंध को सुरक्षित बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा.
कटाव और जलस्तर पर लगातार रहेगी नजर
अधिकारियों ने जल संसाधन विभाग को कटाव और नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी कुंदन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी नूतन किरण, पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह सहित जल संसाधन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
प्रशासन ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां जारी हैं और तटबंध की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










