विराट रामायण मंदिर के शिव मंडप में रुद्राभिषेक की व्यवस्था, अयोध्या से आएंगे पुजारी

Author Raj Nikhil|Edited by Sumit Kumar
Updated:
विज्ञापन
फोटो कैप्सन : मंदिर परिसर में भक्ति के पूजा अर्चना के लिए स्थापित शिवलिंग | Prabhat Khabar Network

फोटो कैप्सन : मंदिर परिसर में भक्ति के पूजा अर्चना के लिए स्थापित शिवलिंग | Prabhat Khabar Network

विराट रामायण मंदिर के शिव मंडप में सावन की पहली सोमवारी से रूद्राभिषेक शुरू होगा। जानिए बुकिंग प्रक्रिया और मंदिर से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां।

विज्ञापन

Motihari News: मोतिहारी जिले के कैथवलिया में निर्माणाधीन विश्व के सबसे बड़े 'विराट रामायण मंदिर' परिसर में इस वर्ष सावन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. पवित्र सावन महीने की शुरुआत तीन अगस्त (सोमवार) से हो रही है. इस अवसर पर पटना के महावीर मंदिर की तर्ज पर विराट रामायण मंदिर के शिव मंडप में भी रुद्राभिषेक कराने की व्यवस्था की गई है.

1100 रुपये शुल्क और अग्रिम बुकिंग

श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल ने बताया कि विराट रामायण मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर रुद्राभिषेक कराने का शुल्क 1100 रुपये निर्धारित किया गया है. पूजा सामग्री श्रद्धालुओं को स्वयं लानी होगी. रुद्राभिषेक कराने के लिए अयोध्या से दो विशेष पुजारियों को बुलाया गया है. श्रद्धालु फोन नंबर 9717974548 (सुमन) पर संपर्क कर अग्रिम बुकिंग करा सकते हैं.

नैवेद्यम और फूल-माला काउंटर तीन अगस्त से

सावन की पहली सोमवारी (तीन अगस्त) से ही रुद्राभिषेक की शुरुआत होगी. इसके साथ ही शिव मंडप प्रांगण में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसिद्ध 'नैवेद्यम' और फूल-माला का काउंटर भी शुरू कर दिया जाएगा. अत्यधिक भीड़ होने पर जल चढ़ाने के लिए अरघा की व्यवस्था की जाएगी.

33 इंच का लघु सहस्त्रलिंगम बना आकर्षण

मंदिर परिसर में विश्व का सबसे बड़ा 33 फीट का सहस्त्रलिंगम स्थापित हो चुका है. भक्तों के सुगम पूजन के लिए अलग से बने शिव मंडप में 33 इंच का लघु सहस्त्रलिंगम स्थापित किया गया है, जो फिलहाल मुख्य आकर्षण का केंद्र है.

120 एकड़ में आकार ले रहा भव्य मंदिर

आचार्य किशोर कुणाल के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत बन रहा यह मंदिर 120 एकड़ में फैला है, जहां 22 मंदिर और 18 शिखर होंगे. प्रतिदिन यहां चार से पांच हजार भक्त पहुंच रहे हैं, जिनकी संख्या सावन में काफी बढ़ने की संभावना है. यह स्थल पटना से 120 किलोमीटर, मुजफ्फरपुर से 57 किलोमीटर और मोतिहारी से करीब 37 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.


विज्ञापन
Raj Nikhil

लेखक के बारे में

By Raj Nikhil

राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन