कोटवा में लाखों की चोरी से सनसनी, बेटी की शादी के लिए रखे 5 लाख रुपये भी चुरा ले गए बदमाश

घर में बिखरा हुआ सामान
मोतिहारी के जसौली पंचायत के बांगरा गांव में चोरों ने एक घर में घुसकर करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. सोने-चांदी के आभूषण, कीमती साड़ियां और बेटी की शादी के लिए रखे 5 लाख रुपये नकद भी चुरा लिए गए. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.
Motihari News: थाना क्षेत्र के जसौली पंचायत के बांगरा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने एक घर में घुसकर करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, कीमती साड़ियां और बेटी की शादी के लिए रखे 5 लाख रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
सुबह बिखरा सामान देखकर हुआ चोरी का खुलासा
जानकारी के अनुसार, चोरी उमाशंकर पांडे के घर में हुई. शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे. इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद चोरी की जानकारी हुई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई.
जेवर, नकदी और कीमती साड़ियां ले गए चोर
परिजनों के मुताबिक, चोर पांच सोने के झुमके, चार सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन, चांदी की चार जोड़ी पायल, करीब एक दर्जन कीमती साड़ियां और 5 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए.
परिवार का दावा है कि चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये है.
पहले भी दो बार हो चुकी है चोरी
ग्रामीणों ने बताया कि इसी घर में पहले भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद एक बार फिर वारदात होने से इलाके में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद कोटवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










