बागमती की उपधारा में डूबने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, गांव में पसरा मातम
मोतिहारी के नकरदेवा गांव में बागमती नदी की उपधारा में डूबने से 14 वर्षीय किशोरी आंचल कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई. खेल के दौरान सहेली के सामने हुआ यह हादसा, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है. स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Motihari Crime News: मोतिहारी जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरिया प्रखंड की बहुआरा गोपी पंचायत स्थित नकरदेवा गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. बागमती नदी की उपधारा में डूबने से एक 14 वर्षीय किशोरी की असमय मौत हो गई. यह दुखद घटना सोमवार की देर शाम घटित हुई. मृतका की पहचान नकरदेवा गांव निवासी सुरेश साह की 14 वर्षीय पुत्री आंचल कुमारी के रूप में की गई है.
सहेली के साथ खेलते समय फिसला पैर, गहरे पानी में समाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम आंचल अपनी एक सहेली के साथ घर के समीप स्थित बागमती नदी की पुरानी धारा के किनारे खेल रही थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर उपधारा के गहरे पानी में जा गिरी.आंचल को डूबता देख उसकी सहेली ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों और घरों में मौजूद ग्रामीण तेजी से मौके की ओर दौड़े. ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काफी मशक्कत के बाद किशोरी को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना तुरंत राजेपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुमार सौरभ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया.राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा.
डैम से पानी छोड़े जाने के बाद गहराया है जलस्तर
इस घटना के बाद से मृतका के घर में चीख-पुकार मची हुई है और माता-पिता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद से पूरे नकरदेवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.उल्लेखनीय है कि बेलवा घाट से मीनापुर तक बागमती की उपधारा का जीर्णोद्धार व उड़ाही का कार्य कराया गया है तथा बेलवा घाट पर डैम का निर्माण हुआ है. हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा डैम के उद्घाटन के अवसर पर बागमती से उपधारा में पानी छोड़ा गया था, जिससे उपधारा में जलस्तर बढ़ा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










