समस्तीपुर डबल मर्डर केस में दो पूर्व मुखिया समेत 20 लोगों पर प्राथमिकी

Updated:
विज्ञापन
चकमेहसी थाना

चकमेहसी थाना

समस्तीपुर के नामापुर दरियापार में हुए दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. मृतक प्रभात कुमार के पिता ने 10 नामजद, 6 अज्ञात और 2 पूर्व मुखिया समेत 4 लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Samastipur News: चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में मृतक प्रभात कुमार के पिता संजय चौधरी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में घटनास्थल पर मौजूद 10 लोगों को नामजद, छह अज्ञात को आरोपी बनाया गया है, जबकि हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो पूर्व मुखिया समेत चार अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं.

यह भी पढ़ें: सरकारी अधिग्रहण से बचने के लिए GPS से बंद किया पिकअप का इंजन

चार लोगों पर साजिश रचने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, हत्या की साजिश रचने के आरोप में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामबाबू राय, जन्मय ठाकुर, आनंद कुमार उर्फ डब्ल्यू तथा शशिरंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर को आरोपी बनाया गया है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके पुत्र ने पूर्व में दिए गए कई आवेदनों में भी इन लोगों से जान का खतरा होने की बात कही थी.

पहले भी कोर्ट परिसर में हुआ था हमला

प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2023 में जब प्रभात कुमार जेल में बंद थे, तब न्यायालय में पेशी के दौरान उन पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वे घायल हो गए थे. उस मामले की पुलिस जांच में भी कुछ आरोपितों की संलिप्तता सामने आई थी.

इसके बाद प्रभात कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना को कई आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी.

फोन आने के बाद गए थे नामापुर

एफआईआर के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की शाम करीब सात बजे प्रभात कुमार के मोबाइल पर एक के बाद एक तीन नंबरों से कॉल आए. इसके बाद वह अपने साथी सन्नी कुमार और अन्य लोगों के साथ स्कॉर्पियो से नामापुर दरियापार पहुंचे, जहां उनकी हत्या कर दी गई.

घेरकर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग

प्राथमिकी में आरोप है कि नामापुर दरियापार में पहले से घात लगाए करीब 16-17 हथियारबंद अपराधियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और आधुनिक हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में प्रभात कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सन्नी कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

घटना के बाद भागने के दौरान आरोपितों की एक पिस्टल, मैगजीन और एक देसी कट्टा घटनास्थल पर ही गिर गया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.

एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी रमण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.


विज्ञापन
Girija Nandan Sharma

लेखक के बारे में

By Girija Nandan Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन