रक्सौल अनुमंडल कार्यालय में भावभीनी विदाई व भव्य स्वागत समारोह, निवर्तमान एसडीओ मनीष कुमार को दी गई विदाई, नागमणी वर्मा ने संभाली जिम्मेदारी

विदाई समारोह में शामिल एसडीओ, इओ व अन्य. | Prabhat Khabar Network
रक्सौल अनुमंडल कार्यालय में निवर्तमान एसडीओ मनीष कुमार को भावभीनी विदाई दी गई और नए एसडीओ नागमणी वर्मा का भव्य स्वागत किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यों को सराहा।
रक्सौल : अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में बुधवार को आयोजित एक समारोह में निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनीष कुमार को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी नागमणी वर्मा का आत्मीय स्वागत किया गया. अनुमंडल प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और दोनों अधिकारियों के सम्मान में अपने विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम में अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. समारोह का संचालन रामगढ़वा के बीपीआरओ ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं सम्मान समारोह से हुई. इसके बाद वक्ताओं ने निवर्तमान एसडीओ मनीष कुमार के कार्यकाल को याद करते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, शांत स्वभाव, सकारात्मक सोच और टीम भावना की सराहना की. अधिकारियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में अनुमंडल प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा हर परिस्थिति में उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि एसडीओ मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम भावना के साथ कार्य करने का अवसर मिला. मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान से लेकर चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनके मार्गदर्शन के कारण अनुमंडल प्रशासन ने बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि एक कुशल प्रशासक के रूप में उन्होंने हमेशा टीम का मनोबल बढ़ाया और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रेरित किया. रामगढ़वा के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मनीष कुमार के साथ कार्य करना उनके लिए सीखने का एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा और प्रशासनिक सेवा में उनके अनुभव का लाभ सभी अधिकारियों को मिलता रहेगा. अवर निबंधन पदाधिकारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि एसडीओ मनीष कुमार की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि वे किसी भी समस्या को धैर्यपूर्वक सुनते थे और उसका व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास करते थे, कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी घबराहट नहीं दिखाई और हमेशा सकारात्मक सोच के साथ निर्णय लिए. कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी रवि कुमारी अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गईं. उन्होंने मनीष कुमार के सरल, सहयोगी एवं संवेदनशील व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनका कार्यकाल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा. अपने विदाई संबोधन में निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने रक्सौल में बिताए गए कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि यहां उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला. उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्सौल की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी. उन्होंने कहा, \"भले ही मेरा स्थानांतरण हो गया है, लेकिन रक्सौल और यहां के लोग हमेशा मेरे दिल में रहेंगे. यहां मिले सहयोग और स्नेह को मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा. \" वहीं नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी नागमणी वर्मा ने सभी का धन्यवाद देते हुए कहा कि अनुमंडल कार्यालय की बेहतर प्रशासनिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. टीम वर्क, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के माध्यम से प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. समारोह के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निवर्तमान एसडीओ को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा नवपदस्थापित एसडीओ का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर एसडीएच रक्सौल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाती सपन, सर्जन डॉ. विजय कुमार, पीएचसी रक्सौल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार, रक्सौल के अंचलाधिकारी अरविंद कुमार, रामगढ़वा के अंचलाधिकारी अमीत कुमार, आदापुर के बीडीओ रंधीर कुमार, अंचलाधिकारी प्रज्ञा नयनन, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, अनुमंडल कर्मी रामप्रवेश कुमार सहित अनुमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










