स्कूल पहुंचने के लिए बच्चों को पार करना पड़ रहा कीचड़-पानी, राजापुर मठिया में जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी

Author Shivam|Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन
सड़क पर बने गद्दा और जल जमाव | Prabhat Khabar Network

सड़क पर बने गद्दा और जल जमाव

राजापुर मठिया में एक जर्जर सड़क स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है. कीचड़ और गड्ढों से भरे रास्ते से स्कूल पहुंचना बच्चों के लिए खतरनाक हो गया है. स्थानीय लोग तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Rajapur Mathiya Road: राजापुर मठिया उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय के पास मुख्य सड़क की जर्जर हालत स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए परेशानी बन गई है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और हल्की बारिश होते ही पानी व कीचड़ जमा हो जाता है. हालात ऐसे हैं कि छात्र-छात्राओं को इसी रास्ते से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है.

यह सड़क राजापुर मठिया चौक से भटवालिया होते हुए संग्रामपुर को जोड़ती है. कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है.

स्कूल जाते समय फिसलकर गिर रहे बच्चे

जर्जर सड़क का सबसे ज्यादा असर राजापुर मठिया उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है. बारिश के दौरान बच्चों को कीचड़ और पानी के बीच से गुजरना पड़ता है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार छात्र-छात्राएं फिसलकर गिर जाते हैं. सड़क की स्थिति को देखते हुए अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है.

इसी रास्ते से प्रखंड संसाधन केंद्र भी पहुंचते हैं लोग

विद्यालय परिसर में प्रखंड संसाधन केंद्र का कार्यालय भी संचालित होता है. यहां प्रतिदिन शिक्षक, शिक्षा विभाग के कर्मचारी और विभिन्न कार्यों से जुड़े लोग पहुंचते हैं.

इन सभी को इसी जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ता है. जलजमाव और कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है.

कई गांवों को संग्रामपुर से जोड़ती है सड़क

राजापुर मठिया, भटवालिया समेत आसपास के कई गांवों को संग्रामपुर से जोड़ने वाला यह प्रमुख संपर्क मार्ग है. सड़क से छोटी-बड़ी गाड़ियों, स्कूली वाहनों और बाइक का नियमित आवागमन होता है.

बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने और सड़क पर कीचड़ फैलने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत

स्थानीय ग्रामीण साजावाल राम, संजय सिंह और सुरेश कुशवाहा का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है. ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हुई.

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की जल्द मरम्मत कराने के साथ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है. उनका कहना है कि दोनों काम होने के बाद ही छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आसपास के गांवों के लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी.


विज्ञापन
Shivam

लेखक के बारे में

By Shivam

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन