गंदगी और मच्छरों पर नगर परिषद सख्त, रक्सौल के सभी वार्डों में फॉगिंग का आदेश
बैठक में शामिल कार्यवाहक सभापति, कार्यपालक पदाधिकारी व सशक्त स्थायी समिति के सदस्य
रक्सौल नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब रविवार को भी प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई होगी, जिससे गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग और दवा छिड़काव का आदेश दिया गया है.
Raxaul News: रक्सौल. शहर की सफाई व्यवस्था और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर नगर परिषद ने कई अहम फैसले लिए हैं. सोमवार को जनसुविधा भवन में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में अब रविवार को भी प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई कराने, सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने का निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया.
आपके शहर में
रविवार को भी बाजारों में होगी सफाई
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गयी. सदस्यों ने कहा कि रविवार को बाजारों में लोगों की अधिक आवाजाही रहती है. ऐसे में इस दिन सफाई नहीं होने से प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में गंदगी की समस्या बनी रहती है.
इसे देखते हुए अब रविवार को भी शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने का निर्णय लिया गया है.
सफाई कर्मियों को मिलेंगे ग्लव्स और गमबूट
सफाई कार्य में लगे कामगारों की सुरक्षा को लेकर भी समिति ने निर्णय लिया. सफाई कर्मियों को ग्लव्स, गमबूट समेत अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर सहमति बनी.
वहीं शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने का फैसला लिया गया.
सड़क की श्रेणी के अनुसार तय होगा टैक्स
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों का वर्गीकरण किया जाएगा. सड़क की श्रेणी के आधार पर टैक्स दर निर्धारित करने की प्रक्रिया अपनायी जाएगी.
इससे नगर परिषद के राजस्व संग्रह में वृद्धि होने की उम्मीद है.
लंबित विकास योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने पर जोर
बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. सदस्यों ने विभिन्न वार्डों में लंबित सड़क, नाला समेत अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया.
बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य जितेंद्र दत्ता, रंजीत श्रीवास्तव, वीरेंद्र प्रसाद, नगर परिषद कर्मी बैजू जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए