Motihari: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
सांकेतिक तस्वीर
मोतिहारी में एक कारोबारी को सस्ता नारियल पानी दिलाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने 2.10 लाख रुपये की ठगी कर ली. पीड़ित ने तुरंत साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Motihari News: मोतिहारी. बाजार भाव से पांच रुपये सस्ता नारियल पानी देने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक कारोबारी से 2.10 लाख रुपये ठग लिए. आरोपितों ने पहले कारोबारी को भरोसे में लिया और फिर उससे पार्टनर व दोस्त से रुपये उधार दिलवाए. इसके बाद अलग-अलग तरीके से कुल 2.10 लाख रुपये की राशि लेने के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गए. ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करायी.
आपके शहर में
सस्ता सौदा सुनकर कारोबारी फंसा साइबर ठगों के जाल में
महमदपुर मझौलिया निवासी पीड़ित रामप्रवेश कुमार ने साइबर थाना में दिए आवेदन में बताया कि चार जुलाई को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था. फोन करने वाले ने खुद को नारियल पानी का कारोबारी बताया और बाजार भाव से पांच रुपये कम कीमत पर नारियल पानी उपलब्ध कराने की बात कही.
सस्ता सौदा सुनकर रामप्रवेश कुमार ने कथित कारोबारी से सौदा तय कर लिया. इसके बाद आरोपित ने उनसे रुपये भेजने को कहा. पीड़ित ने अपने पार्टनर से एक लाख रुपये और दोस्त से 50 हजार रुपये उधार लेकर संबंधित व्यक्ति को भेज दिए.
उधार की रकम लेने के बाद भी नहीं रुके आरोपित
पीड़ित के अनुसार, बाद में आरोपित ने 60 हजार रुपये और उधार लेकर देने की बात कही. बातचीत के दौरान आरोपित ने भरोसा बनाए रखा, लेकिन कुछ समय बाद अचानक मोबाइल बंद कर दिया.
मोबाइल बंद होने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करायी.
UPI लेन-देन और स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे
पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस को ठगी से संबंधित स्क्रीनशॉट और यूपीआई लेन-देन का प्रमाण भी उपलब्ध कराया है. उन्होंने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गयी 2.10 लाख रुपये की राशि वापस कराने की मांग की है.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी साइबर थाना पुलिस
साइबर इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और लेन-देन से जुड़े विवरण के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: दुकान बंद कर घर लौट रहा था ज्वेलर, रास्ते में अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर लूटा जेवरात भरा बैग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए