Motihari: घर से खेलने निकले थे तीन बच्चे, तालाब में डूबे दो छात्र, तीसरे ने डर के कारण नहीं बतायी बात

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर (क्रेडिट सोशल मीडिया)

चकिया के गणेश सिरसिया वार्ड नंबर एक स्थित तालाब में नहाने गए 13 वर्षीय दिव्यांशु कुमार और 9 वर्षीय आर्यन राज की डूबने से मौत हो गई. दोनों छात्र घर से खेलने निकले थे और गहरे पानी में चले गए.

विज्ञापन

Chakia News: चकिया थाना क्षेत्र के गणेश सिरसिया वार्ड नंबर एक स्थित तालाब में नहाने गये दो छात्रों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गयी. घटना रविवार देर शाम की बतायी जा रही है. मृतकों की पहचान गणेश सिरसिया वार्ड नंबर दो निवासी नवीन कुमार के 13 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार तथा अनमोल राय के नौ वर्षीय पुत्र आर्यन राज के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

घर से खेलने निकले थे तीनों छात्र

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार अपराह्न करीब तीन बजे तीनों छात्र घर से खेलने निकले थे. इसके बाद तीनों गांव के सिवान स्थित तालाब में नहाने चले गये. इसी दौरान दिव्यांशु कुमार और आर्यन राज गहरे पानी में चले गये और डूबने से दोनों की मौत हो गयी.

घटना से भयभीत तीसरे छात्र ने डांट-फटकार के डर से इसकी जानकारी किसी को नहीं दी. शाम तक जब दोनों छात्र घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता सताने लगी. परिजनों ने दोनों की काफी तलाश की. इस दौरान तीसरे छात्र से जानकारी मिली कि तीनों तालाब में नहाने गये थे और इसी दौरान दोनों छात्र गहरे पानी में डूब गये.

रात नौ बजे तालाब से निकाले गये दोनों शव

जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों छात्रों की तलाश शुरू की. रात करीब नौ बजे ग्रामीणों ने दोनों छात्रों के उपलाते शवों को तालाब से बाहर निकाला. शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

ग्रामीणों ने बताया कि दिव्यांशु कक्षा सात और आर्यन राज कक्षा चार का छात्र था.

अच्छा तैराक था दिव्यांशु, आर्यन को बचाने की आशंका

गणेश सिरसिया गांव के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि दिव्यांशु जैसा अच्छा तैराक तालाब में कैसे डूब गया. ग्रामीणों के अनुसार, दिव्यांशु नहर के गहरे पानी में भी अच्छी तरह तैर लेता था.

लोगों को आशंका है कि डूबते हुए आर्यन राज को बचाने के प्रयास में दिव्यांशु भी गहरे पानी में चला गया होगा. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी.

पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मृतक छात्रों के शव बरामद कर लिये गये हैं. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

एक साथ दो छात्रों की मौत से गणेश सिरसिया गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं.

यह भी पढ़ें

रेलिंग तोड़कर पुल से नीचे गिरी बाइक, दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत, एक गंभीर

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन