मोतिहारी में खेत से मिला युवक का नग्न शव, हत्या की आशंका से सनसनी

प्रतीकात्मक तस्वीर
मोतिहारी के मलाही थाना क्षेत्र में एक युवक का खेत से नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच में जुटी है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari Youth Dead: जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है.गोविंदगंज के मलाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़हरवा गांव के समीप एक खेत से मंगलवार को एक युवक का नग्न अवस्था में शव बरामद किया गया है. संदिग्ध परिस्थितियों में मिले इस शव के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक की पहचान बड़हरवा गांव के रहने वाले चन्द्रकिशोर साह के रूप में की गई है. जैसे ही इस घटना की जानकारी मृतक के परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य, ग्रामीणों ने की डॉग स्क्वायड से जांच की मांग
वारदात की सूचना मिलते ही मलाही थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शुरुआती छानबीन शुरू की. मामले की संवेदनशीलता और रहस्यमयी परिस्थितियों को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया.एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का अत्यंत सूक्ष्म निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं. वहीं दूसरी ओर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मामले के जल्द से जल्द खुलासे की मांग को लेकर हंगामा किया. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर जांच कराए ताकि हत्यारों का सुराग मिल सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, हर बिंदु पर जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. इस पूरी घटना पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल की जांच रिपोर्ट और मौके से मिले तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश समेत तमाम संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की बेहद गहन पड़ताल और छापेमारी में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










