मोतिहारी: आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुई बकरीद की नमाज, मुल्क में अमन-चैन के लिए उठीं हजारों दुआएं

इदगाह में नमाज अता करते नमाजी
Motihari News: सदर ईदगाह में बकरीद की नमाज शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हुई. हजारों अकीदतमंदों ने देश में अमन-चैन की दुआ मांगी. सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट रहा और मुस्तैदी से पुलिस बल तैनात रहे. पढ़ें पूरी खबर…
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
Motihari News: शहर के ऐतिहासिक सदर ईदगाह में बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पवित्र त्योहार पूरे अकीदत, शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया. इस मुबारक मौके पर सुबह से ही बड़ी संख्या में अकीदतमंद सफेद लिबास पहनकर और खुशबूदार इत्र लगाकर ईदगाह पहुंचने लगे थे. नमाज के निर्धारित समय पर जब जमात खड़ी हुई, तो हजारों सिर एक साथ अल्लाह की बारगाह में सजदे में झुक गए. नमाज के बाद मौलाना ने मुल्क में भाईचारे, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी.
गले मिलकर दी मुबारकबाद, शुरू हुआ तीन दिवसीय कुर्बानी का सिलसिला
नमाज मुकम्मल होते ही ईदगाह परिसर “ईद मुबारक” के नारों से गूंज उठा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की बधाई दी. इसके बाद लोग अपने घरों की ओर रवाना हुए, जहां अल्लाह की राह में त्याग और समर्पण के प्रतीक स्वरूप सुन्नत-ए-इब्राहिमी के तहत कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ. यह पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान लगातार तीन दिनों तक जारी रहेगा.
जिला प्रशासन की रही कड़ी सुरक्षा, भीषण गर्मी में कमेटी ने किए विशेष इंतजाम
शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए मोतिहारी के डीएम और एसपी के संयुक्त आदेश पर संवेदनशील स्थानों समेत पूरे शहर में भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी. जिला नियंत्रण कक्ष से २४ घंटे विधि-व्यवस्था की निगरानी की जा रही थी. भीषण गर्मी को देखते हुए ईदगाह कमेटी ने नमाजियों की सहूलियत के लिए साफ-सफाई और ठंडे पानी की बेहतरीन व्यवस्था की थी, जिससे अकीदतमंदों को कोई परेशानी नहीं हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










