Motihari News: उमड़ा रक्तदाताओं का उत्साह, डीएम ने बताया रक्तदान को महादान

रक्तदान करते हुए डीएम और एसपी
Motihari News : मोतिहारी में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में डीएम और एसपी ने शिरकत की. जिलाधिकारी ने रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों को प्रेरित किया. इस दौरान अधिकारियों ने रेडक्रॉस परिसर में पौधारोपण भी किया. जानिए खबर विस्तार…
Motihari News: विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, पूर्वी चम्पारण के तत्वावधान में स्थानीय रेडक्रॉस भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस पुनीत अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारियों, चिकित्सकों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर मानवता की सेवा का संदेश दिया. शिविर की शुरुआत में चिकित्सकों की विशेष टीम ने सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की.
एक यूनिट रक्त बचा सकता है तीन जान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है. उन्होंने जोर देकर कहा कि आपके द्वारा दिया गया मात्र एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है. डीएम ने बताया कि यह शरीर को बिना कोई नुकसान पहुँचाए दूसरों को जीवनदान देने का सबसे सरल और श्रेष्ठ माध्यम है. इस दौरान रेडक्रॉस के कार्यकारी अध्यक्ष सह एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती सहित शहर के कई प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुँचकर रक्तदान किया.
युवाओं से रक्तदान को जीवनशैली बनाने की अपील
मौके पर मौजूद एसपी स्वर्ण प्रभात ने रक्तदान को एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व करार दिया. उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंदों की समय पर मदद की जा सके. एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती ने बताया कि जिले में दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों, प्रसूता महिलाओं और थैलेसीमिया रोगियों के लिए रक्त की मांग निरंतर बनी रहती है, जिसे ऐसे शिविरों के माध्यम से पूरा किया जाता है.
परिसर में हुआ पौधारोपण
रक्तदान शिविर के समापन के बाद डीएम और एसपी ने रेडक्रॉस परिसर में पौधारोपण भी किया. प्रशासन ने इस माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. जिला प्रशासन ने समस्त जिलेवासियों से आह्वान किया है कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले शिविरों में भी इसी तरह बढ़-चढ़कर भाग लें क्योंकि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है.
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










