प्रभात खबर की खबर का बड़ा असर: सरैयागोपाल में वर्षों से बंद जल-नल योजना की जांच करने पहुंचे अधिकारी

Updated:
विज्ञापन
हंगामें के बात जांच करने पहुंचे अधिकारी

हंगामें के बात जांच करने पहुंचे अधिकारी हंगामें के बात जांच करने पहुंचे अधिकारी

Motihari News: प्रभात खबर की खबर का बड़ा असर! पताही के सरैयागोपाल पंचायत (वार्ड 3) में पीएचईडी विभाग ने वर्षों से बंद जल-नल योजना की जांच की. जेई ने ठेकेदार को 24 घंटे के भीतर पाइप मरम्मत कर पानी चालू करने का सख्त निर्देश दिया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मोतिहारी / पताही से विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट

Motihari News: प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद पीएचईडी (PHED) विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है. पताही प्रखंड की सरैयागोपाल पंचायत (महमादी गांव, वार्ड नंबर 3) में भीषण गर्मी के बीच वर्षों से ठप पड़ी जल-नल योजना की शनिवार को विभागीय अधिकारियों ने जांच की. बंद पड़ी योजना को दोबारा सुचारू करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है.

बता दें कि शुक्रवार को ग्रामीणों ने पानी की किल्लत को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसे प्रभात खबर ने “जल-नल योजना ठप: भीषण गर्मी में नहीं मिल रहा है पानी” शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया था.

जेई ने ताला तोड़कर की जांच, अनुरक्षक मिला फरार

खबर छपने के तुरंत बाद शनिवार को पीएचईडी के जेई (JE) श्रवण कुमार, ठेकेदार और अपनी टीम के साथ महमादी गांव के वार्ड 3 पहुंचे.

  • गायब ऑपरेटर: जांच के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि योजना को संचालित करने वाला अनुरक्षक (ऑपरेटर) सालों से ड्यूटी से फरार है.
  • मोटर और बोरिंग सुरक्षित: जेई ने ग्रामीणों की मौजूदगी में बंद पड़े जल-नल टावर रूम का ताला तुड़वाया. जांच में पाया गया कि बोरिंग और मोटर दोनों ठीक हैं और वहां से पानी निकल रहा है.

पाइप में कट होने के कारण घरों तक नहीं पहुंच रहा था पानी

जांच में स्पष्ट हुआ कि योजना बंद होने का मुख्य कारण सड़क निर्माण है. सड़क बनने के दौरान वार्ड में दर्जनों जगहों पर पानी के पाइप कट गए थे, जिसके चलते सप्लाई बाधित हो गई थी. इसके अलावा टंकी के समीप नाली न होने से भी पानी निकासी की समस्या पाई गई.

24 घंटे का अल्टीमेटम और आगे की कार्रवाई

जेई श्रवण कुमार ने मौके पर मौजूद विभागीय ठेकेदार और मिस्त्री को सख्त निर्देश दिया है कि 24 घंटे के अंदर सभी कटे हुए पाइपों की मरम्मत की जाए और लोगों के घरों तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए.

अनुरक्षक पर गिरेगी गाज:
जेई ने बताया कि वर्षों से फरार अनुरक्षक को पदमुक्त करने और योजना का प्रभार किसी अन्य जिम्मेदार व्यक्ति को सौंपने के लिए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) पताही को पत्र लिख दिया गया है. विभाग के इस त्वरित एक्शन से ग्रामीणों में जल्द ही शुद्ध पेयजल मिलने की आस जगी है.

विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन