Motihari: फर्जी राजस्व कर्मचारी बनकर ठगी की कोशिश, मोबाइल नंबर जारी कर प्रशासन अलर्ट
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 27 May 2026 8:06 PM
फर्जी राजस्व कर्मचारी बनकर ठगी की कोशिश,
Motihari News: मोतिहारी के सदर अंचल में फर्जी राजस्व कर्मचारी बनकर लोगों से 5000 रुपये मांगने का मामला सामने आया है. एक ही नंबर से आ रहे फ्रॉड कॉल को लेकर सीओ और साइबर डीएसपी जांच में जुट गए हैं.पढ़ें पूरी खबर...
Motihari News: मोतिहारी में साइबर अपराधियों द्वारा ठगी का एक नया और अनोखा तरीका सामने आया है. सदर अंचल क्षेत्र में फर्जी राजस्व कर्मचारी (हल्का कर्मचारी) बनकर आम लोगों से जमीन संबंधी कार्यों के एवज में पांच-पांच हजार रुपये की मांग की जा रही है. इस मामले के उजागर होने के बाद प्रशासनिक महकमे और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है.
एक ही मोबाइल नंबर से कई लोगों को किया गया फोन
जानकारी के अनुसार, सदर अंचल के विभिन्न हल्का क्षेत्रों के राजस्व कर्मचारियों को यह शिकायत मिली कि आम जनता को फोन कर उनके नाम पर पैसों की मांग की जा रही है. राजस्व कर्मचारी सोनू गहलोत और शनि कुमार सहित अन्य कर्मियों ने बताया कि एक विशेष मोबाइल नंबर (73629 31498) से लोगों को लगातार फोन आ रहे हैं. कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को संबंधित क्षेत्र का राजस्व कर्मचारी बताता है और जमीन व अन्य राजस्व कार्यों को जल्दी निपटाने के नाम पर पांच हजार रुपये ऑनलाइन भेजने को कहता है.
साइबर डीएसपी को दी गई सूचना, जांच शुरू
मामले की गंभीरता और बदनामी को देखते हुए पीड़ित कर्मचारियों ने तुरंत इसकी लिखित और मौखिक सूचना प्रभारी अंचलाधिकारी (सीओ) सुनील कुमार को दी. अंचल प्रशासन ने बिना देर किए इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी साइबर डीएसपी को दे दी है, ताकि उक्त मोबाइल नंबर का लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालकर जालसाज को बेनकाब किया जा सके. पुलिस मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है.
प्रभारी सीओ ने की जनता से सतर्क रहने की अपील
इधर, पूछने पर प्रभारी सीओ सुनील कुमार ने बताया कि मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं. अंचल कार्यालय के किसी भी कार्य के लिए सरकार द्वारा तय शुल्क ही दें और इस तरह के फ्रॉड कॉल आने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या अंचल अधिकारी को सूचित करें.
मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










