Motihari News: गाड़ी से नेपाल यात्रा पर जाने वाले सावधान! बिना ऑनलाइन एंट्री के बॉर्डर पर नहीं मिलेगी अनुमति
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 29 May 2026 5:18 PM
गाड़ी से नेपाल यात्रा पर जाने वाले सावधान! बिना ऑनलाइन एंट्री के बॉर्डर पर नहीं मिलेगी अनुमति
Motihari News: भारतीय वाहनों से नेपाल जाने वाले पर्यटकों के लिए अब ऑनलाइन भंसार कराना अनिवार्य कर दिया गया है. वीरगंज बॉर्डर पार करने से पहले पर्यटकों को नेपाल कस्टम के पोर्टल पर गाड़ी और लाइसेंस का विवरण ऑनलाइन दर्ज करना होगा.पढे़ं पूरी खबर…
Motihari News: अपनी निजी गाड़ी से नेपाल घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है. नेपाल सरकार ने अब भारतीय वाहनों के लिए ‘ऑनलाइनभंसार’ (कस्टम) की सुविधा को अनिवार्य कर दिया है. नेपाल कस्टम विभाग द्वारा डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वीरगंज कस्टम कार्यालय को इस संबंध में विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. अब तक ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से एंट्री की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन अब ऑफलाइन व्यवस्था को धीरे-धीरे पूरी तरह खत्म किया जा रहा है.
घर बैठे भर सकेंगे कस्टम घोषणा पत्र, सफर होगा आसान
इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत, यदि आप अपनी गाड़ी से नेपाल यात्रा पर जाना चाहते हैं, तो घर बैठे ही नेपाल कस्टम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना सीमा शुल्क घोषणा पत्र भर सकते हैं. वर्तमान प्रावधानों के अनुसार, वाहन चालक को अपने लाइसेंस और वाहन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां पोर्टल पर दर्ज करनी होंगी. फॉर्म सबमिट होने के बाद घोषणाकर्ता को उनके ई-मेल पर एक पुष्टिकरण प्राप्त होगा. नेपाल बॉर्डर पहुंचने पर वहां तैनात अधिकारी केवल कागजातों और लाइसेंस का वेरिफिकेशन करेंगे और वाहन को तुरंत एंट्री मिल जाएगी.
क्यूआर कोड से भुगतान की तैयारी, कर्मचारियों की भी मिलेगी मदद
कस्टम के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि फिलहाल पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद टैक्स का भुगतान मैनुअल तरीके से काउंटर पर करना पड़ रहा है. हालांकि, आने वाले कुछ ही दिनों में पेमेंट गेटवे को भी पूरी तरह डिजिटल कर दिया जाएगा, जिसके बाद पर्यटक क्यूआर कोड के माध्यम से सीधे टैक्स जमा कर सकेंगे. पर्यटकों की सुविधा के लिए वीरगंज बॉर्डर पर क्यूआर कोड के बोर्ड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सकता है. इसके साथ ही, किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए कस्टम कर्मी भी मौके पर मौजूद रहेंगे. ऑफलाइन भंसार अब केवल उसी स्थिति में किया जाएगा जब ऑनलाइन पोर्टल में कोई तकनीकी खराबी आएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










