मोतिहारी: स्कूल में नामांकन के नाम पर वसूली, प्रधानाध्यापिका सस्पेंड

Published by : Aniket Kumar Updated At : 29 May 2026 11:35 AM

विज्ञापन

प्रतीकात्मक फोटो

Motihari News: मोतिहारी के राउमवि भरौलिया में नामांकन के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में प्रधानाध्यापिका उषा रानी निलंबित कर दी गईं. सोशल मीडिया वीडियो और शिकायत के बाद जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी में छात्र नामांकन के नाम पर अवैध रूप से पैसे लेने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. राउमवि भरौलिया, मोतिहारी देहात की प्रधानाध्यापिका उषा रानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और शिकायत मिलने के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए. इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया.

सोशल मीडिया वीडियो के बाद हुई जांच

शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि छात्र नामांकन के बदले अवैध रूप से राशि मांगने और लेने की शिकायत मिली थी. मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद और गंभीर हो गया. इसके बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू की गई. जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई की गई.

बंजरिया बीईओ कार्यालय बनाया गया मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाध्यापिका उषा रानी का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बंजरिया कार्यालय निर्धारित किया गया है. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. साथ ही इस मामले में अलग से आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा.

विभाग ने दी सख्त चेतावनी

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों ने साफ कहा है कि स्कूलों में किसी भी तरह की अवैध वसूली, अनियमितता या छात्रों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है. कई लोगों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है.

अन्य स्कूलों पर भी रहेगी नजर

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, अब अन्य सरकारी विद्यालयों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी. यदि कहीं से इसी तरह की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन